पाकिस्तान में कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 2039 पहुंची, अब तक 26 की मौत
पाकिस्तान में कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 2039 तक पहुंच गई है। देश में अब तक 26 मौतें हुई हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
इस्लामाबाद, एजेंसी । पाकिस्तान में कोरोना पाजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 2039 तक पहुंच गई है। देश में अब तक 26 मौतें हुई हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। पाकिस्तान के पंजाब और सिंध कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित प्रदेश हैं। दोनों प्रांतों में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या क्रमश: 708 और 676 पहुंच गई है। गुलाम कश्मीर में कोरोना के छह मामले पाए गए हैं। बलूचिस्तान में 158, गिलगित बाल्टिस्तान में 184, इस्लामाबाद में 54 और खैबर पख्तूनख्वा में 253 मामलों की पुष्टि हुई है। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए प्रधानमंत्री इमरान खान की अध्यक्षता में राष्ट्रीय समन्वय समिति ने एक राष्ट्रीय कमांड सेंटर का गठन किया है। लेफ्टिनेंट जनरल महमूद-उज-जमान की अध्यक्षता वाला केंद्र मंगलवार से चालू हो गया।
जापान में एक दिन में संक्रमण के सर्वाधिक मामले
जापान की राजधानी टोक्यो में एक दिन में संक्रमण के सर्वाधिक 78 मामले सामने आए हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री एबी शिंजो पर पूरे देश में लॉकडाउन लागू करने का दबाव बढ़ गया है। टोक्यो के गवर्नर यूरिको कोइको ने कहा, 'यह अत्यधिक चिंता का विषय है। हम इस बात से सर्वाधिक चिंतित हैं कि कल इनकी संख्या क्या होगी।' वहीं वित्त मंत्री याशूतोशी निशीमुरा ने कहा कि जापान में अभी ऐसी स्थिति नहीं है कि आपातकाल की घोषणा की जाए। देश में संक्रमित मामलों की संख्या दो हजार से ज्यादा हो गई है। जबकि मृतकों की संख्या 59 है।
ऑस्ट्रेलिया में कारगर रही सोशल डिस्टेंसिंग
ऑस्ट्रेलिया के स्वास्थ्य मंत्री ग्रेग हंट ने मंगलवार को कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंडों को लागू करने के बाद कोरोना के संक्रमण में कुछ कमी आई है। उन्होंने कहा कि अभी तक दो लाख तीस हजार लोगों का टेस्ट हुआ है। पहले संक्रमण की दर 25-30 फीसद थी जो अब घटकर नौ फीसद रह गई है। ऑस्ट्रेलिया में अभी तक 4,450 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई जबकि 19 लोगों की मौत हुई है।
स्पेन में 24 घंटे में 849 की मौत
स्पेन में पिछले चौबीस घंटे में 849 लोगों की मौत हुई है। इस तरह वहां मरने वालों की संख्या 8,149 हो गई है। पिछले चौबीस घंटे में 9,222 नए लोगों में संक्रमण का पता चला है। देश में संक्रमित लोगों की संख्या 94,417 हो गई है।
देश - मौत - संक्रमण
इटली - 11,591 - 1,01,739
स्पेन - 8,189 - 94,417
अमेरिका - 3,177 - 1,64,665
चीन - 3,305 - 81,518
ईरान - 2,898 - 44,605
फ्रांस - 3,024 - 44,450
ब्रिटेन - 1,408 - 22,141