अफगानिस्तान में पाकिस्तान के खिलाफ भारी प्रदर्शन, सीमापार फायरिंग को लेकर भड़का आक्रोश
अफगानिस्तान के कंधार और हेल्मंद प्रांतों के हजारों लोगों ने सुरक्षा बलों की निर्दोष लोगों पर फायरिंग पर पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। पढ़ें यह रिपोर्ट...
कंधार, एएनआइ। अफगानिस्तान के कंधार और हेल्मंद प्रांतों के हजारों लोगों ने गुरुवार को पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। हजारों पश्तून पाकिस्तान से लगने वाली चमन-स्पिन बोल्डाक सीमा पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की निर्दोष लोगों पर फायरिंग पर आक्रोश जता रहे थे। पाकिस्तानी बलों ने यह फायरिंग पिछले हफ्ते की थी, जब सीमावर्ती इलाके में रहने वाली पश्तून आबादी ईद के मौके पर खरीदारी करने निकली थी। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को पंजाबी तालिबान कहकर संबोधित किया, जो निर्दोष लोगों की हत्या और उन पर जुल्म करता है।
अफगानिस्तान ने कहा है पाकिस्तानी बलों ने तोपों से नागरिक इलाकों में गोलाबारी भी की। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी बलों की इस हरकत पर नाराजगी जाहिर की है। इलाके में दोनों ओर के लोग लंबे समय से सीमा खोले जाने की मांग कर रहे हैं। इससे वे अपने रिश्तेदारों से मिल सकेंगे और बाजारों में जाकर खरीदारी भी कर सकेंगे लेकिन पाकिस्तानी बल ऐसा करने की इजाजत नहीं देते। बीते हफ्ते अफगान लोग जब सीमा पार करने के लिए एकत्रित हुए तो थोड़ी कहासुनी के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने उन पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में दो दर्जन लोग मारे गए थे।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में पाकिस्तान के भीतर भी सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ लोगों का आक्रोश बढ़ा है। बीते दिनों गरीबी, बेरोजगारी और अशिक्षा के भंवर में बुरी तरह फंसे पाकिस्तान के लोगों सड़कों पर प्रदर्शन किया था। सिंध प्रांत के शहीद बेनजीर अबद जिला स्थित काजी अहमद शहर में बड़ी संख्या में लोगों ने राज्य प्रायोजित आतंकवाद और सेना तथा खुफिया एजेंसियों द्वारा लोगों को गायब किए जाने के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया था। आंदोलनकारियों ने 'सिंध प्रांत में राज्य प्रायोजित आतंकवाद बंद करो, तानाशाही खत्म करो व बर्बरता बंद करो' जैसे नारे लगा रहे थे। लोग सिंध प्रांत के राजनीतिक कार्यकर्ताओं को छोड़ने की मांग कर रहे थे।