पाकिस्तान में 2 लाख के करीब पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या, एक दिेन में सामने आए 4,044 केस
गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में 24 घंटों में कोरोना के 4044 मामले दर्ज किए गए हैं।
इस्लामाबाद, पीटीआइ। पकिस्तान में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 2 लाख के करीब पहुंच गया है। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में 24 घंटों में कोरोना के 4,044 मामले दर्ज किए गए हैं और इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 92 हजार को भी पार कर गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवाओं के मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी है कि देश में कोरोना से 148 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही मरने वालों का कुल आंकड़ा 3,903 तक पहुंच गया है।
बता दें कि पाकिस्तान में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है यहां अब तक सबसे ज्यादा मामले सिंध और पंजाब से दर्ज किए जा रहे हैं। एक दिन में 4 हजार से ज्यादा नए मामलों के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1 लाख 92 हजार 9 सौ 70 तक पहुंच गई है।
सबसे ज्यादा 74,070 मामले सिंध में और 71,191 केस पंजाब में दर्ज किए गए हैं। इनके अलावा 23,887 मामले खैबर पख्तूनवा, 11,710 इस्लामाबाद, 9,817 बलूचिस्तान, 1,365 गिलगित बाल्टिस्तान और 930 केस पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से दर्ज किए गए हैं। पाकिस्तान में कुल संक्रमितों में से 81,307 मरीज ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य प्रशासन अभी तक 1,171,976 लोगों की टेस्टिंग कर चुका है, जिनमें से 21,835 टेस्ट बुधवार को किए गए हैं।
भारत में कोरोना के 4 लाख से ज्यादा केस
भारत में अभी तक कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4 लाख 73 हजार तक पहुंच गई है। इनमें से 1.86 लाख केस एक्टिव हैं, जबकि 2.71 लाख लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। भारत कोरोना से प्रभावित देशों की लिस्ट में चौथे स्थान पर पहुंच चुका है।
वहीं जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक दुनियाभर में 9,440,535 लोगों में कोरोना की पुष्टि की जा चुकी है जबकि 482,923 लोगों की मौत इस वायरस की चपेट में आने से हो चुकी है। इसके अलावा अमेरिका में अभी तक सबसे ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं और इसके साथ ही यूएस सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले देशों की लिस्ट में पहले स्थान पर है।