पाकिस्तान में कोरोना के 1,226 नए मामले दर्ज, कुल आंकड़ा 2.73 लाख के पार
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों में पाकिस्तान में 35 लोगों की जान कोरोना की चपेट में आने से जा चुकी है।
इस्लामाबाद, पीटीआई। पाकिस्तान में कोरोना वायरस के संक्रमण के 1,226 नए मामले दर्ज किए गए हैं और इसके साथ ही देश में संक्रमितों की कुल संख्या 2 लाख 73 हजार का आंकड़ा पार कर चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से इस बारे में जानकारी दी गई है। वहीं, इस दौरान 35 लोगों की जान कोरोना की चपेट में आने से जा चुकी है, इसके साथ ही पाकिस्तान में कोरोना से मरने वालों का कुल आंकड़ा 5,882 तक पहुंच गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवाओं के मंत्रालय ने कहा कि इस वक्त कुल 1,267 मरीज गंभीर स्थिति में हैं।
देश में सबसे ज्यादा मामले सिंध, पंजाब, खैबर-पख्तूनवा, इस्लामाबाद, बलूचिस्तान, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान से दर्ज किए गए हैं। कुल संक्रमित मामलों में से 117,598 केस सिंध के हैं, वहीं 91,901 पंजाब, 33,220 खैबर-पख्तूनवा, 14,841 इस्लामाबाद, 11,578 बलूचिस्तान, 2,023 पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और 1,952 मामले गिलगित-बाल्टिस्तान में दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा कुल मरीजों में से 237,434 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। मंत्रालय ने जानकारी दी है कि अब तक देश में 18,68,180 लोगों की टेस्टिंग हो चुकी है, जिनमें से 23,254 टेस्ट पिछले 24 घंटों में हुए हैं।
एक दिन में कोरोना के रिकॉर्ड मामले दर्ज
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, दुनियाभर में 24 घंटे के दौरान रिकॉर्ड दो लाख 84 हजार 196 लोगों में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि की गई है। इस दौरान 9,753 पीड़ितों की मौत भी हुई है। बता दें कि अब तक दुनिया में कुल करीब एक करोड़ 60 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि अब तक छह लाख 40 से ज्यादा की जान जा चुकी है।
डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, पिछले 18 जुलाई को एक दिन में सबसे ज्यादा दो लाख 59 हजार 848 नए मामले सामने आए थे। इस महीने रोजाना औसतन पांच हजार पीड़ित दम तोड़ रहे हैं। डब्ल्यूएचओ ने बताया कि शुक्रवार को अमेरिका में 69 हजार 641, ब्राजील में 67 हजार 860 और भारत में 49 हजार 310 नए मामले पाए गए।