पाकिस्तान ने टिकटॉक पर से हटाया प्रतिबंध, अश्लील और अनैतिक वीडियोज को लेकर दी चेतावनी
पीटीए ने अनैतिक सामग्री संबंधी कई शिकायतों के बाद नौ अक्टूबर को टिकटॉक पर प्रतिबंध लगा दिया था। पीटीए का आरोप था कि कई बार कहे जाने के बावजूद टिकटॉक अश्लील और अनैतिक सामग्री पर रोक लगा पाने में विफल रहा है।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान की टेलीकॉम अथॉरिटी (पीटीए) ने सोमवार को चीन के लोकप्रिय वीडियो शेयरिंग एप टिकटॉक पर से प्रतिबंध हटा लिया। इससे पहले कंपनी ने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि वह उन सभी अकाउंट्स को बंद कर देगी जो अश्लीलता और अनैतिकता फैलाने में शामिल हैं। पीटीए ने अनैतिक सामग्री संबंधी कई शिकायतों के बाद नौ अक्टूबर को टिकटॉक पर प्रतिबंध लगा दिया था। पीटीए का आरोप था कि कई बार कहे जाने के बावजूद टिकटॉक अश्लील और अनैतिक सामग्री पर रोक लगा पाने में विफल रहा है। बता दें कि टिकटॉक पाकिस्तान में काफी लोकप्रिय है और इसे 4.3 करोड़ बार इंस्टाल किया जा चुका है। सिर्फ 2020 में ही अभी तक इसे 1.47 करोड़ बार इंस्टाल किया गया है।
वहीं टिकटॉक के एक प्रवक्ता ने अपनी मीडिया एजेंसी के माध्यम से सिंगापुर से जारी एक बयान में कहा कि हम चल रहे उत्पादक संवाद के लिए पीटीए की प्रतिबद्धता की सराहना करते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले पाकिस्तान ने Tiktok ऐप के जरिए बड़े पैमाने पर देश में अभद्रता और अश्लीलता फैलाने की बात कहते हुए इस एप को प्रतिबंधित कर दिया था। पाकिस्तान टेलीकम्युनिकेशन अथॉरिटी ने अपने बयान में कहा था कि Tiktok प्लेटफॉर्म के कंटेंट से ‘समाज और खासतौर पर युवाओं पर बहुत ही नकारात्मक असर’ पड़ सकता है। इस पर TikTok ने सफाई दी था कि वर्ष 2019 की दूसरी तिमाही में पाकिस्तानी टिकटॉक प्लेटफॉर्म से करीब 37 लाख ऐसे वीडियो को हटाया गया है, जो नियमों का उल्लंघन कर रहे थे।
बता दें कि पाकिस्तान से पहले Tiktok ऐप को भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया था। इस साल 18 सितंबर को अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोकप्रिय चीनी सोशल मीडिया ऐप Tiktok और Wechat पर बैन लगाने का ऐलान किया था। वहीं इससे पहले भारत सरकार ने 29 जुलाई को चीन के कुल 59 ऐप पर रोक लगा दी थी।