पहले से पता था पाकिस्तान चुनाव में बहेगा खून, पेशावर में 1000 कफन हैं तैयार!
पेशावर के डिप्टी कमिश्नर इमरान हामिद शेख ने एक पाकिस्तानी अखबार को बताया कि उन्होंने मतदान दिवस के लिए पहले से ही 1000 कफन (दफन करने की जगह) की व्यवस्था कर रखी है।
पेशावर, जेएनएन। पाकिस्तान में आम चुनाव किसी 'जंग' से कम नहीं होता है। प्रचार के दौरान चुनावी रैली में कब हमला हो जाए कहा नहीं जा सकता। रैली में लोगों के बीच खड़ा आत्मघाती हमलावर कब ब्लास्ट कर दे पता नहीं चलता। इस बार भी आम चुनाव के प्रचार के दौरान ऐसे कई हमले देखने को मिले। ये हमले मतदान के दिन भी जारी है। बलूचिस्तान के क्वेटा में मतदान के दौरान एक जबरदस्त बम धमाका हुआ, जिसमें काफी लोगों की जान चली गई है। अन्य देशों के लिए ये चौंकाने वाला हमला हो सकता है, लेकिन पाकिस्तान की आवाम और प्रशासन के लिए इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है। दरअसल, पाक प्रशासन को ऐसे हमलों का अंदेशा था, इसलिए पेशावर में पहले से ही 1000 कफन की व्यवस्था कर दी गई थी।
पेशावर के डिप्टी कमिश्नर इमरान हामिद शेख ने एक पाकिस्तानी अखबार को बताया कि उन्होंने मतदान दिवस के लिए पहले से ही 1000 कफन (दफन करने की जगह) की व्यवस्था कर रखी है। उन्होंने कहा, 'हम आशा करते हैं कि मतदान शांतिपूर्वक हों, लेकिन हम आपात स्थिति से निपटने के लिए भी तैयार हैं।' साथ ही इमरान ने बताया कि अफगान शरणार्थियों को भी 25 जुलाई को अपने कैंपों में ही रहने के लिए कहा गया है। हवाई फायरिंग, ब्लैक शीशे और अपंजीकृत गाडि़यों के पेशावर में एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
डिप्टी कमिश्नर इमरान ने बताया कि पोलिंग बूथ के आसपास सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी है। पुलिस और सेना के जवान मिलकर पोलिंग बूथ पर तैनात है। नेशनल असेंबली 342 सदस्यीय है। इनमें से 272 सीटों के लिए सीधे चुनाव हो रहा है। बहुमत के लिए 137 सीटें जीतना जरूरी है। बाकी 70 सीटें महिलाओं और अल्पसंख्यकों के लिए आरक्षित हैं। इन सीटों का आवंटन चुनाव में दलों को मिलने वाले वोटिंग प्रतिशत के आधार पर होता है।
चुनाव से पहले कराए गए कई सर्वे से जाहिर होता है कि इस बार का मुकाबला काफी दिलचस्प और नजदीकी है। क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान और भ्रष्टाचार मामले में जेल की सजा काट रहे पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टियां एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रही हैं। शाम छह बजे मतदान खत्म होते ही वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी।