पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने दी हिदुओं को होली की शुभकामनाएं
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने हिदुओं को होली की शुभकामनाएं दी हैं। पाकिस्तान में होली रविवार और सोमवार को मनाई जा रही है। इमरान खान ने ट्वीट कर कहा कि हमारे सभी हिंदू समुदाय को रंगों की त्योहार होली की शुभकामनाएं।
इस्लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने हिदुओं को होली की शुभकामनाएं दी हैं। पाकिस्तान में होली रविवार और सोमवार को मनाई जा रही है। इमरान खान ने ट्वीट कर कहा कि हमारे सभी हिंदू समुदाय को रंगों की त्योहार होली की शुभकामनाएं। इमरान के साथ ही पाक के कई अन्य नेताओं ने भी देश के हिदुओं को होली की बधाई दी।
नेशनल असेंबली के स्पीकर असद कैसर ने भी इस विशेष अवसर पर हिंदू सांसदों और समुदाय की शुभकामना दी। उन्होंने कहा, प्रकाश और रंगों का यह त्योहार खुशी फैलाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने पाकिस्तान के उत्थान में हिंदू समुदाय की भूमिका की प्रशंसा की। कैसर ने कहा कि सभी अल्पसंख्यक समुदायों को पाकिस्तान में अपने धार्मिक त्योहारों को खुलकर मनाने का अधिकार है। पाकिस्तान में हिंदू सबसे बड़ा अल्पसंख्यक समुदाय है। आधिकारिक अनुमानों के अनुसार, पाकिस्तान में 75 लाख हिंदू रहते हैं।
होली वसंत के समय मनाया जाने वाला एक हिंदू त्योहार है, जो मुख्य रूप से भारत और नेपाल में मनाया जाता है, लेकिन अब दुनिया के अन्य हिस्सों में फैल गया है। यह त्योहार गैर हिंदुओं के बीच भी लोकप्रिय हो गया है।
इसे इमरान खान की भारत के साथ शांति स्थापना की कोशिशों से जोड़कर देखा जा रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले महीने ही नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम की सहमति बनी है। माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच रिश्ते सुधारने के लिए अंदरूनी तौर पर बातचीत जारी है।
पिछले दिनों पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा था कि अगर भारत और इस्लामाबाद के बीच शांति स्थापित होती है तो इससे नई दिल्ली को संसाधन संपन्न मध्य एशिया तक पहुंचने में मदद मिलेगी। इमरान ने दावा किया कि वर्ष 2018 में सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार ने भारत के साथ संबंधों को बेहतर करने के लिए काफी कदम उठाए, लेकिन नई दिल्ली की तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद पाकिस्तान आर्मी के चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा ने भारत के साथ दोस्ती की बात की। जनरल बाजवा ने कहा था, हम अपने सभी पड़ोसियों के साथ सारे विवादित मुद्दों का समाधान बातचीत से और गरिमापूर्ण तरीके से करना चाहते हैं। हम यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि यह विकल्प हम किसी दबाव में नहीं बल्कि तार्किक ढंग से अपना रहे हैं। हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की छवि सुधारने और एक शांतिपूर्ण देश के तौर पर आगे बढ़ने के लिए गंभीर हैं। हमारा नेतृत्व भी यही चाहता है कि हम अतीत को भूल कर एक नए भविष्य की तरफ बढ़ सकें। लेकिन यह दूसरे देशों के व्यवहार पर भी निर्भर करेगा।