अस्पताल ने दिया था डेथ सर्टिफिकेट, दफनाने से पहले जी उठी महिला, जाने कैसा होता है मौत का अनुभव
अक्सर ऐसी खबरें आती हैं कि अमुक व्यक्ति को जब दफनाया जा रहा था या उसका अंतिम संस्कार किया जा रहा था तब वह जीवित हो उठा... पाकिस्तान में अब ऐसी घटना घटी है। पढ़ें यह रिपोर्ट...
कराची, पीटीआइ/एएनआइ। ऐसा कहा जाता है कि इंसान ही नहीं हर जीव के जन्म और मौत का वक्त पहले से मुकर्रर होता है। मौत आने पर दुनिया का हर डॉक्टर, वैद्य, हकीम फेल हो जाता है। ऐसा हुआ हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान में जिसके बाद वहां के डॉक्टर भी हक्के बक्के रह गए। यहां जिस महिला को डॉक्टरों और अस्पताल ने मृत घोषित कर दिया था वह कब्र में दफनाने से ठीक पहले जीवित हो गई।
दरअसल, कराची के अब्बासी शहीद अस्पताल में 50 वर्षीय राशिदा बीबी को भर्ती कराया गया था। रिपोर्टों के मुताबिक, राशीदा बीबी को अस्पताल ने मृत घोषित करके डेथ सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया था। राशिदा के परिजन जब दफनाने से पहले उनके शव को नहलाने जा रहे थे तभी एक चमत्कार हो गया। समाचार एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआइ ने यह खबर दी है।
राशीदा की रिश्तेदार शबाना ने बताया कि हम राशिदा के शव को नहला रहे थे तभी रूम में मौजूद एक महिला ने उनके शरीर में हरकत महसूस की। हमने भी तुरंत उनकी नब्ज टटोली तो पाया कि वह अभी भी सांस ले रही थीं। बाद में आनन फानन में राशीदा को उसी अस्पताल में फिर से भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि डॉक्टरों ने जल्दबाजी में उनका डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया था।
वास्तव में जीवन और मृत्यु के रहस्यों को जानने के लिए इंसान शुरू से जिज्ञासु रहा है। एक साल पहले आए एक शोध में वैज्ञानिकों ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया था। वैज्ञानिकों ने अपने अध्ययन में पाया था कि पूरी दुनिया में मृत्यु के नजदीक पहुंचने वाले लोगों को एक जैसा अनुभव होता है। यह अध्ययन लगभग 35 देशों में किया गया था। शोधकर्ताओं की मानें तो दुनिया में 10 फीसद लोगों को मृत्यु का नजदीकी अनुभव होता है। यह पूरी रिपोर्ट बेहद चौंकाने वाली है। इसे पढ़ने के लिए क्लिक करें यह लिंक...
Death Experiences: जानिये कैसा होता है मौत का अनुभव, शोध में चौंकाने वाले खुलासे