बलूचिस्तान में आतंकवादियों ने छह पाकिस्तानी सैनिकों को मौत के घाट उतारा
बलूचिस्तान प्रांत में दो अलग-अलग घटनाओं में आतंकवादियों ने छह पाकिस्तानी सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया।
कराची, प्रेट्र। ईरान सीमा से सटे पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में दो अलग-अलग घटनाओं में आतंकवादियों ने पाकिस्तान के छह सैनिकों की हत्या कर दी। बता दें कि बलूचिस्तान प्रांत की सीमा ईरान और अफगानिस्तान से लगती है।
पहली घटना पर्वतीय पंजगुर जिले में हुई जहां रविवार को आतंकवादियों ने फ्रंटियर कोर के चार सैनिकों की हत्या कर दी। इस घटना से कुछ ही घंटे पहले ईरान सीमा के निकट लोरालई में इसी कोर के दो जवानों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। फ्रंटियर कोर बलूचिस्तान के प्रवक्ता वसय खान ने कहा कि आतंकवादियों ने उस वक्त हमला किया जब सीमा चौकी पर गार्ड बदले जा रहे थे।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री जाम मदाद खान ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे राज्य की शांति एवं विकास को बाधित करने वाला बताया। उन्होंने कहा,'यह बलूचिस्तान और यहां चल रही विकास परियोजनाओं के खिलाफ एक साजिश है।' ईरानी रेवोल्युशनरी गार्ड के प्रमुख मेजर जनरल मुहम्मद अली जाफरी ने पिछले दिनों पाकिस्तान से कहा था कि वह उस प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के खिलाफ कार्रवाई करे, जिसने बलूचिस्तान से सटे ईरान के दक्षिण-पूर्व क्षेत्र में 27 सैनिकों को मार डाला था।
जाफरी अतीत में पाकिस्तान पर आतंकवादियों को पनाह देने का आरोप लगा चुके हैं। उनका कहना है कि आतंकियों को सजा देने के लिए ईरान के पास बल प्रयोग का अधिकार है। हालांकि पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने इन आरोपों को खारिज किया है।