पाक पीएम इमरान बोले, पाकिस्तान से भ्रष्टाचार मिटाना सरकार की प्राथमिकता
इमरान ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार मिटाने के लिए दृढ़ संकल्प है और इसके लिए शासन प्रणाली की शैली को बदला जाएगा।
इस्लामाबाद, एएनआइ। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने रविवार को पंजाब प्रांतीय सरकार के साथ कैबिनेट की बैठक में कहा कि सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआइ) सरकार का मुख्य उद्देश्य 100 दिन की योजना हासिल करना है।
इमरान ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार मिटाने के लिए दृढ़ संकल्प है और इसके लिए शासन प्रणाली की शैली को बदला जाएगा। ऐसे उपाए तलाशे जाएंगे, जिससे भ्रष्टाचार धीरे-धीरे कम होता जाए। उन्होंने ट्वीट किया, 'पंजाब के मुख्यमंत्री, कैबिनेट और वरिष्ठ नौकरशाहों के साथ बहुत ही रचनात्मक बैठकें हुईं। इन बैठकों में उन्हें बताया गया कि 100 दिनों के कार्यक्रम को प्राप्त करना हमारी प्राथमिकता है।'
सत्ता संभालने के बाद 65 वर्षीय नेता इमरान ने पहले 100 दिन की योजना पेश की थी, जिसमें उन्होंने राज्य संस्थानों को सुदृढ़ करने, पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने और राष्ट्र को "इस्लामी कल्याणकारी राज्य" में बदलने के लिए कहा था। इमरान ने आगे बताया कि उनकी पूर्व आईजी (इंस्पेक्टर जनरल) नासीर दुर्रानी के साथ भी बातचीत हुई, इस दौरान पुलिस को राजनीति के प्रभाव से मुक्त करने पर चर्चा हुई।
इससे पहले क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान ने 'प्लांट फॉर पाकिस्तान' अभियान की शुरुआत की और मुख्यमंत्री निवास में एक पौधा लगाया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि एक स्वच्छ और हरित वातावरण पाक वासियों को मिल सके। इस अभियान का सफल बनाने के लिए पाकिस्तान भर में 190 स्थानों पर लोगों को मुफ्त पौधे दिए जा रहे हैं।