इमरान खान ने फिर अलापा पुराना राग, कहा- भारत शांति वार्ता का इच्छुक नहीं
Pakistan के प्रधानमंत्री Imran Khan ने आरोप लगाया है कि भारत शांति वार्ता प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है। दो परमाणु शक्ति संपन्न देशों के बीच युद्ध आत्महत्या के समान होगा।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने आरोप लगाया है कि भारत शांति वार्ता प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है। दो परमाणु शक्ति संपन्न देशों के बीच युद्ध आत्महत्या के समान होगा।
तुर्की की समाचार एजेंसी टीआरटी वर्ल्ड को दिए गए साक्षात्कार के हवाले से इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ ने कहा कि खान ने एक बार फिर भारत से बातचीत की इच्छा दोहराई है। पार्टी के अनुसार, 'दो परमाणु शक्ति संपन्न देशों को युद्ध के बारे में सोचना भी नहीं चाहिए। यहां तक कि शीतयुद्ध के बारे में भी नहीं। युद्ध से हमेशा दोनों देशों को नुकसान होता है। यह आत्महत्या जैसा भी है। समस्या का समाधान केवल वार्ता से ही संभव है।'
खान ने कहा, 'हमने भारत से कहा था कि अगर वह एक कदम चलेगा तो हम दो कदम चलने के लिए तैयार हैं, लेकिन उसने कई दफा शांति वार्ता प्रस्ताव अस्वीकृत कर दिया। भारत कश्मीर के लोगों के अधिकार को दबा नहीं सकता।'
2016 में पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा भारत में हमला किए जाने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव पैदा हो गया था। 2017 में गुलाम कश्मीर में भारत की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद स्थिति और खराब हो गई। भारत 'आतंकवाद और वार्ता साथ-साथ नहीं' का नीति अपनाए हुए है।