इमरान खान बोले, इजरायल से दूर रहेगा पाकिस्तान, चीन से जुड़ा है देश का भविष्य
इमरान खान ने कहा कि उनके देश का भविष्य चीन के साथ जुड़ा है। चीन ने हर संकट के समय पाकिस्तान की मदद की है।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि उनके देश का भविष्य चीन के साथ जुड़ा है। चीन ने हर संकट के समय पाकिस्तान की मदद की है। उन्होंने इजरायल के साथ राजनयिक रिश्ता कायम करने की किसी भी संभावना से साफ इनकार किया।
इजरायल के अस्तित्व को स्वीकार नहीं करेगा पाकिस्तान
अपनी सरकार के दो साल पूरे होने पर एक निजी टीवी चैनल के साथ साक्षात्कार में इमरान ने कहा, 'इजरायल पर हमारी नीति स्पष्ट है। कायदे आजम मुहम्मद अली जिन्ना ने कहा था कि पाकिस्तान तब तक इजरायल के अस्तित्व को स्वीकार नहीं करेगा, जब तक फलस्तीन एक स्वतंत्र देश नहीं बन जाता। अगर हम फलस्तीनी लोगों के उत्पीड़न को नजरअंदाज कर इजरायल को मान्यता दे देते हैं, तो फिर उसी तरह हमें कश्मीर भी छोड़ना पड़ेगा और हम ऐसा नहीं कर सकते।'
अमेरिका पर निशाना साधा
इमरान खान ने बिना नाम लिए अमेरिका पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देश चीन के खिलाफ भारत का इस्तेमाल कर रहे हैं। साथ ही भारत को चीन के खिलाफ मजबूत भी कर रहे हैं। उन्होंने अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा कि वॉशिंगटन ने पहले युद्ध छेड़ने के लिए पाकिस्तान का इस्तेमाल किया, अब हम अफगानिस्तान में शांति प्रक्रिया में भागीदार हैं।
इमरान ने यह भी ऐलान किया कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस साल दिसंबर तक पाकिस्तान की यात्रा पर आने वाले हैं। पाकिस्तानी पीएम ने कहा, कि यह स्पष्ट हो जाना चाहिए कि हमारा भविष्य चीन के साथ जुड़ा हुआ है जो हमारे हर अच्छे और बुरे में खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान दोनों ही एक-दूसरे के महत्व को मान्यता देते हैं और संबंधों को मजबूत करने में जुटे हुए हैं।
सऊदी अरब से आज भी पहले जैसे दोस्ताना
वह इजरायल-संयुक्त अरब अमीरात समझौते के संदर्भ में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। कश्मीर मुद्दे को लेकर सऊदी अरब के साथ रिश्तों में कटुता आने की बात को खारिज करते हुए इमरान ने कहा कि हमारे संबंध आज भी पहले जैसे दोस्ताना हैं। इमरान खान ने कहा कि पाकिस्तान की भूमिका मुस्लिम दुनिया को बांटने की नहीं बल्कि उसे एकजुट करने की है। कश्मीर पर साथ नहीं देने पर सऊदी अरब और ओआईसी के साथ नहीं देने पर इमरान खान ने कहा कि सऊदी अरब की अपनी विदेश नीति है और हमारी अपनी। कोरोना की रोकथाम को लेकर इमरान ने खुद अपनी पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि स्मार्ट लॉकडाउन की हमारी रणनीति ने काम किया। हालांकि, विपक्ष इमरान सरकार की नीतियों को लेकर अक्सर हमलावर रहता है।