इस्लामाबाद में आज रैली करेंगे इमरान खान, मौजूदा सरकार को हटाने के लिए जेहाद करने की अपील
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान इस्लामाबाद में आज एक रैली को संबोधित करेंगे। ये रैली मौजूदा सरकार के खिलाफ और पार्टी के लिए चंदा इकट्ठा करने के मकसद से की जा रही है। इमरान ने अपील की है कि वो पार्टी को खुलकर सपोर्ट करें।

नई दिल्ली (आनलाइन डेस्क)। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और तहरीक ए इंसाफ पार्टी के प्रमुख इमरान खान आज इस्लामाबाद में एक रैली करने वाले हैं। पीएम पद से हटाए जाने के बाद वो लगातार जनता के बीच निकल रहे हैं और उनसे इंसाफ करने की गुहार लगा रहे हैं। लेकिन आज होने वाली इस रैली का मकसद इसके साथ कुछ दूसरा भी है। इमरान खान इस रैली को न सिर्फ पाकिस्तान की मौजूदा सरकार के खिलाफ कर रहे हैं बल्कि इस रैली से उनका मकसद चंदा इकट्ठा करना है।
इमरान खान ने किया ट्वीट
इमरान खान ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया है कि वो इस्लामाबाद में 2 जुलाई को एक विशाल रैली करने जा रहे हैं। पाकिस्तान की मीडिया के मुताबिक इमरान खान रावलपिंडी से इस्लामाबाद के परेड ग्राउंड तक एक रैली निकालेंगे। इसके बाद वो अपने समर्थकों को संबोधित भी करेंगे। उनके मुताबिक देशभर के कई शहरों में इसी तरह की रैलियां निकाली जा रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इनका हिस्सा बनकर मौजूदा सरकार को अपनी ताकत का अहसास करवाएं।
इमरान की लोगों से अपील
उन्होंने इस वीडियो में लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इसमें शामिल होने को भी कहा है। उन्होंने ये भी कहा है कि देश की जनता ने पीटीआई की हर समय पर पैसे से मदद की है। इस बार भी पार्टी को इसकी जरूरत है। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में आकर ज्यादा से ज्यादा लोग दान दें। इस वीडियो में उन्होंने ये भी कहा हैकि ये पार्टी देश के आम लोगों की पार्टी है। ये पार्टी उनके पैसे से बनी है और इसमें किसी बिजनेसमेन का पैसा नहीं लगा है। उन्होंने इस वीडियो में चंदा जमा करने की वजह का भी खुलासा किया है।
I request all Pakistanis living in Pakistan and across the world to donate & support PTI's fight for Haqiqi Azadi. This is a struggle for a sovereign Pakistan - please play your part in this Jehad.
@PTIKhurshidAlam is chairman of the PTI fundraising committee. pic.twitter.com/CBmNKOtFLJ
— Imran Khan (@ImranKhanPTI) July 2, 2022
जल्द आम चुनाव में जाने की उम्मीद
इमरान खान ने कहा है कि उनकी पार्टी जल्द ही पंजाब में होने वाले उप चुनाव में उतर रही है। इसके लिए उन्हें पैसे चाहिए। इसके अलावा उन्होंने इस बात की भी उम्मीद जताई है कि पार्टी जल्द ही देश में होने वाले आम चुनाव में भी उतरेगी। इन सभी के लिए उन्हें पैसे की दरकार है। इसलिए एक बार फिर से पार्टी का सहयोग करें। अपने इस वीडियो में उन्होंने जहां मौजूदा सरकार पर इशारों ही इशारों में निशाना साधा है वहीं उन्होंने इसको जेहाद का नाम दिया है।
देश में बढ़ती महंगाई का मुद्दा
पाकिस्तान की मीडिया की मानें तो इमरान खान की ये रैली देश में बढ़ रही रिकार्ड महंगाई को लेकर भी की जा रही है। इमरान खान ने इस्लामाबाद पालिसी इंस्टिट्यूट द्वारा करवाए गए एक सेमिनार में उनकी सरकार को हटाए जाने को एक बड़ा षड़यंत्र बताया है। उनका कहना है कि विदेशी ताकतों के साथ मिलकर ये ड्रामा रचा गया था। उन्होंने ये भी कहा कि देश में बाहरी ताकतों ने अपने निजी फायदे के लिए सरकार को इंपोर्ट किया है।
Edited By Kamal Verma