COVID-19 in Vietnam: वियतनाम के हॉट स्पॉट दा नांग में तीसरी मौत, पिछले सप्ताह आए थे 100 केस
कोविड-19 के लिए वियतनाम के पॉपुलर बीच वाले शहर दा नांग में कोरोना वायरस के कारण शनिवार को तीसरी मौत हो गई।
हनोई, एपी। वियतनाम में कोरोना वायरस के कारण तीसरे शख्स की मौत हो गई। अब तक तीनों मौत दा नांग के अस्पताल में हुई है। बता दें कि डा नांग में पिछले सप्ताह 100 से अधिक संक्रमण के मामलों का पता चला था जिसके बाद यह देश का हॉट स्पॉट बन गया। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ब्लड कैंसर से पीड़ित 68 वर्षीय महिला और किडनी की समस्या से जूझ रहे 61 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। देश में पहली मौत 70 वर्षीय बुजुर्ग की हुई थी जिन्हें किडनी की समस्या थी।
महामारी के कारण दा नांग से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित देश के प्राचीन शहर होइ एन (Hoi An) ने गुरुवार को दा नांग से आने वाले पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी। यह शहर पुराने और आकर्षक मकानों के लिए जाना जाता है। यहां की सड़कों पर लालटेन टंगी है और बिल्कुल सुनसान पड़ा है।
वियतनाम ने कोविड-19 का दूसरा मरीज मिलने के बाद अपने सबसे लोकप्रिय समुद्र तट स्थलों में से एक दा नांग पर पिछले रविवार को फिर से प्रतिबंध लगा दिया था। देश में पिछले करीब तीन महीनों में स्थानीय स्तर पर संक्रमण का यह पहला मामला था। मध्य वियतनाम में दा नांग के अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थानों के साथ ही खेल, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों में 30 से अधिक लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध लगाया दिया। साथ ही संक्रमण के खतरे को देखते हुए थीम पार्क, ब्यूटी सैलून, बार और क्लबों को बंद करने का आदेश दिया गया। इसके अलावा लोगों को शारीरिक दूरी बनाए रखने, मास्क पहनने और नियमित तौर पर हाथ धोते रहने की सलाह दी गई है।
अब तक संक्रमण को रोकने में सफल देशों में वियतनाम की पूरी दुनिया में तारीफ की जा रही थी। ऐसा कहा गया था कि इसने काफी पहले सीमा बंद कर क्वारंटीन के नियम अपनाए थे और कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग का काम शुरू कर दिया था। अमेरिका की जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक तक दुनिया भर में कुल संक्रमण के मामले 1 करोड़ 64 लाख के पार चले गए हैं। इस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 6 लाख 52 हजार से अधिक है। शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, दुनिया में संक्रमण के मामले में अमेरिका पहले स्थान पर है इसके बाद ब्राजील, भारत और रूस हैं।