Move to Jagran APP

US China Tension: चीन ने ताइवान के आसपास नए सैन्य अभ्यास की घोषणा की, कहा- अमेरिका को भुगतने होंगे गंभीर परिणाम

US China Tension चीनी सेना ने सोमवार को ताइवान के आसपास समुद्र और हवाई क्षेत्र में नए सैन्य अभ्यास की घोषणा कर दी है। चीन ने कहा है कि पेलोसी की ताइवान यात्रा के बाद ताइवान जलडमरूमध्य में मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति का जिम्मेदार अमेरिका है। उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

By Achyut KumarEdited By: Published: Mon, 08 Aug 2022 11:55 AM (IST)Updated: Mon, 08 Aug 2022 11:55 AM (IST)
US China Tension: चीन ने ताइवान के आसपास नए सैन्य अभ्यास की घोषणा की (फोटो- रायटर्स)

ताइपे, रायटर्स। US China Tension: चीन की सेना ने सोमवार को ताइवान के आसपास समुद्र और हवाई क्षेत्र में नए सैन्य अभ्यास की घोषणा की। अमेरिकी हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी द्वारा पिछले सप्ताह ताइपे की यात्रा के विरोध में अपने सबसे बड़े अभ्यास के निर्धारित अंत के एक दिन बाद चीन ने यह एलान किया है। चीन की ईस्टर्न थिएटर कमांड ने कहा कि वह पनडुब्बी रोधी और समुद्री हमले के अभियानों पर ध्यान केंद्रित करते हुए संयुक्त अभ्यास करेगी।

loksabha election banner

पेलोसी की ताइवान यात्रा से चीन नाराज

पिछले हफ्ते पेलोसी की ताइवान यात्रा ने चीन को नाराज कर दिया, जो स्व-शासित द्वीप को अपना मानता है। चीन ने पहली बार ताइपे के ऊपर बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण कर अपनी प्रतिक्रिया दी। चीन अपना नया अभ्यास कहां करेगा और यह कितने दिन चलेगा, अभी इसके बारे में सटीक जानकारी नहीं मिल सकी है। हालांकि ताइवान ने पहले ही द्वीप के आसपास के छह चीनी अभ्यास क्षेत्रों के करीब उड़ान प्रतिबंधों में ढील दी है।

नए अभ्यासों की घोषणा से कुछ समय पहले, ताइवान के राष्ट्रपति त्साई इंग-वेन ने सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के प्रधानमंत्री राल्फ गोंजाल्विस से मुलाकात की। उन्हें बताया कि वह चीन के सैन्य दबाव के बावजूद यात्रा करने के उनके दृढ़ संकल्प से प्रभावित हुईं।

'चीनी सैन्य अभ्यास हमें ताइवान में दोस्तों से मिलने से नहीं रोक सकेंगे'

ताइपे में गोंजाल्विस के स्वागत समारोह में त्साई ने कहा, 'प्रधानमंत्री गोंजाल्विस ने हाल के दिनों में व्यक्त किया है कि चीनी सैन्य अभ्यास उन्हें ताइवान में दोस्तों से मिलने से नहीं रोकेंगे। इन बयानों ने हमें गहराई से छुआ है।' हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि त्साई ने पेलोसी की यात्रा से पहले या बाद में कब गोंजाल्विस को आमंत्रित किया था।

ताइवान के चारों ओर चीनी सेना ने किया युद्धाभ्यास

सैन्य अभ्यास के पहले चार दिनों के दौरान 11 छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों की फायरिंग से परे चीनी युद्धपोतों, लड़ाकू जेट और ड्रोन ने द्वीप के चारों ओर बड़े पैमाने पर युद्धाभ्यास किया। बताया जाता है कि सैन्य अभ्यास के समाप्त होने से कुछ समय पहले, चीन और ताइवान के लगभग 10 युद्धपोतों ने ताइवान जलडमरूमध्य की अनौपचारिक मध्य रेखा के करीब युद्धाभ्यास किया था।

अमेरिका को भुगतने होंगे गंभीर परिणाम

चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता वू कियान ने कहा है कि 'ताइवान जलडमरूमध्य में मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति पूरी तरह से अमेरिकी पक्ष द्वारा उकसाई और बनाई गई है। अमेरिकी पक्ष को इसके लिए पूरी जिम्मेदारी लेनी होगी और गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।'

पेलोसी के इस क्षेत्र से चले जाने के बाद चीन ने शुक्रवार को थिएटर-स्तरीय कमांड, रक्षा नीति समन्वय और सैन्य समुद्री परामर्श से जुड़ी औपचारिक वार्ता रद्द कर दी। पेंटागन, विदेश विभाग और व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने इस कदम की निंदा करते हुए इसे गैर-जिम्मेदाराना अति-प्रतिक्रिया बताया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.