यूएई ने 12 अफ्रीकी देशों से हटाया यात्रा प्रतिबंध, जानें कौन से देश हैं लिस्ट में शामिल
यूएई ने 12 अफ्रीकी देशों के यात्रियों के प्रवेश पर लगाए प्रतिबंध को हटा दिया है। यूएई में प्रवेश करने वाले यात्रियों को कुछ नियमों का पालन करना होगा। नवंबर 2021 में अफ्रीकी देशों में ओमिक्रोन का पहला मामला सामने आने के बाद यात्रा पर प्रतिबंध लगाया गया था।
दुबई, एएनआइ। यूएई नेशनल इमरजेंसी क्राइसिस एंड डिजास्टर मैनेजमेंट अथारिटी (एनसीईएमए) ने 29 जनवरी से 12 अफ्रीकी देशों के यात्रियों के प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध को हटाने की घोषणा की है। यह प्रतिबंध नवंबर 2021 में अफ्रीकी देशों में ओमिक्रोन वैरिएंट के मामले सामने आने के बाद लगाए गए थे। एनसीईएमए ने ट्विटर के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि 29 जनवरी से केन्या, तंजानिया, इथियोपिया, नाइजीरिया, कांगो गणराज्य, दक्षिण अफ्रीका गणराज्य, बोत्सवाना, इस्वातिनी, लेसोथो, मोजाम्बिक, नामीबिया और जिम्बाब्वे से लोगों को संयुक्त अरब अमीरात में फिर से आने की अनुमति दे दी गई है।
इन नियमों का यात्रियों को करना होगा पालन
इसके साथ ही इन देशों से प्रवेश करने वाले लोगों को कुछ नियमों का पालन करना होगा। यूएई के अधिकारियों ने अमीरात में इन अफ्रीकी देशों से आने वाले लोगों के लिए आगमन से 48 घंटे पहले कोविड-19 के पीसीआर टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट लाना अनिवार्य किया है। इसके साथ ही यात्रियों को यूएई में आगमन पर एक और पीसीआर टेस्ट करवाना भी अनिवार्य होगा। वहीं, एनसीईएमए ने अफ्रीकी देशों के निवासियों से कहा कि अगर यात्रा करने वाले लोगों में कोरोना वायरस या ओमिक्रोन के लक्षण सामने आ रहे हैं तो वे यात्रा करने से परहेज करें।
इस देश में मिला था ओमिक्रोन का पहला मामला
आपको बता दें कि 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका में कोरोना के काफी तेजी से फैलने वाले वैरिएंट ओमिक्रोन का पहला मामला सामने आया था। इसके बाद दुनिया के अधिकतर देशों में ओमिक्रोन के मामले काफी तेजी से बढ़ने लग गए। इसे देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 26 नवंबर को ओमिक्रोन को (वैरिएंट आफ कंसर्न) चिंता का वैरिएंट घोषित किया था। कई देशों ने ओमिक्रोन को फैलने से रोकने के लिए दक्षिण अफ्रीका से आने वाले यात्रियों के आगमन पर रोक लगा दी थी और कई उड़ानों को बैन कर दिया था।