श्रीलंका ने डीएनए सैंपल भेज मांगा अपराधी की मौत का ब्योरा, जानिए क्या है पूरा मामला
श्रीलंका पुलिस के प्रवक्ता जलिया तिलकरत्ने ने बताया है कि राजनयिक माध्यम से ये नमूने भारत भेजे गए हैं।
कोलंबो, प्रेट्र। श्रीलंका ने एक ऐसे अपराधी के डीएनए के नमूने भारत भेजकर उसकी मौत की पुष्टि करने का अनुरोध किया है, जिसके खिलाफ श्रीलंका में कई जघन्य अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं। यह अपराधी भागकर भारत आ गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
श्रीलंका पुलिस के प्रवक्ता जलिया तिलकरत्ने ने बताया है कि राजनयिक माध्यम से ये नमूने भारत भेजे गए हैं। हाल ही में तमिलनाडु पुलिस ने कोयंबटूर में एक महिला सहित तीन श्रीलंकाई नागरिकों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रहते हुए गिरफ्तार किया था।
हत्या समेत कई अपराधों के चल रहे थे मामले
पूछताछ में पता चला कि इनमें पेरेरा नाम का आदमी अपराधी था और उस पर श्रीलंका में हत्या समेत कई अपराधों के मामले चल रहे थे। उसके खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ती, इससे पहले ही उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। बाद में श्रीलंका के मीडिया में आया कि भारत में पेरेरा की मौत जहर दिए जाने से हुई है।
श्रीलंका पुलिस ने मामले की विस्तृत जानकारी कोयंबटूर पुलिस से मांगी है। इसी के तहत डीएनए का नमूना भी भेजा है। कोयंबटूर पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पेरेरा भारत कैसे आया था।
श्रीलंका सीरियल बम धमाकों में मारे गए थे सैकड़ों लोग
बता दें कि अप्रैल 2019 में श्रीलंका में ईस्टर के मौके पर हुए सीरियल बम धमाकों सैकड़ों लोगों की जान चली गई थी। श्रीलंका में गिरजाघरों और पांच-सितारा होटलों में रविवार को ईस्टर के मौके पर हुए आत्मघाती हमलों समेत आठ बम धमाकों में 300 के करीब लोगों की मौत हो गयी थी, जबकि करीब 500 अन्य लोग घायल हो गये थे। दरअसल यह धमाका उस समय हुआ था जब ईस्टर की प्रार्थना के लिए लोग चर्च में एकत्रित हुए थे। चर्च के बाहर भीड़ थी। धमाके में कई विदेशी नागरिकों की मौत हुई थी।
यह भी पढ़ें: श्रीलंका: महिंदा राजपक्षे ने चौथी बार ली प्रधानमंत्री पद की शपथ, बौद्ध मंदिर में हुआ शपथ ग्रहण