श्रीलंकाई नौसेना के ठिकानों में कोरोना वायरस की घुसपैठ
श्रीलंका पहुंचे घातक वायरस के संक्रमण ने यहां की नौसेना तक को नहीं छोड़ा। अब इन नौसेना के ठिकानों में वायरस केे घुसपैठ की खबरें आ रही हैं।
कोलंबो, प्रेट्र। कोविड-19 के संकट का सामना कर रही दुनिया के तमाम देशों में लॉकडाउन जारी है जिससे सभी जगह की अर्थव्यवस्था चरमराई हुई है। वैसे तो श्रीलंका में इस वायरस का संक्रमण और देशों की तुलना में कम है लेकिन यहां की नौसेना ही संक्रमित हो गई है जो गंभीर चिंता का विषय है।
श्रीलंका में 548 सक्रिय संक्रमण के मामले हैं जिसमें से 327 नौसेना के ठिकानों में हैं। यह जानकारी अधिकारियों की ओर से मंगलवार को मिली। यहां इस घातक वायरस ने अब तक 8 लोगों की जान ले ली है और कुल संक्रमण के मामले 752 हैं। आर्मी चीफ जनरल शवेंद्र सिल्वा (Shavendra Silva) ने मंगलवार को बताया, ‘सोमवार को 33 नए पॉजिटिव मामले आए हैं जिनमें से 31 मामले नौसेना के हैं जो वेलिसारा कैंप (Welisara camp) के हैं। दो मामले इनके ही संपर्क में आए लोगों के हैं।’
संभावना जताई गई है कि कोविड-19 संक्रमण वेलिसरा कैंप में एक छापेमारी के जरिए पहुंचा है। नौसेना के ये नाविक अपने घर भी गए जिसके कारण यह संक्रमण आगे बढ़ा। सिल्वा ने बताया कि अब तक देश में 752 पॉजिटिव केस हैं। बता दें कि यहां पहला संक्रमण का मामला मार्च महीने में आया था। हालांकि अब तक 752 तके से 194 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
आर्मी चीफ ने बताया कि फिलहाल नेवी के नाविकों के 1,008 से अधिक संबंधी क्वारंटाइन में हैं। देश के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने सोमवार को आर्थिक गतिविधियों को शुरू करने का संकेत दिया। उन्होंने 120 विकासशील देशों के फोरम NAM में बताया कि श्रीलंका में इस महामारी का संक्रमण धीमा है इसलिए यहां लॉकडाउन में छूट देने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी गतिविधियों को हेल्थ गाइडलाइंस के साथ शुरू किया जाएगा। पिछले साल दिसंबर में चीन के वुहान शहर से शुरू हुए नॉवेल कोरोना वायरस ने दुनिया भर में अब तक 250,000 जिंदगियां ले ली हैं वहीं 35 लाख लोगों को संक्रमित कर दिया है।