South Korea Heavy Rainfall: भारी बारिश के बाद दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल को हुआ भारी नुकसान, 2682 इमारतें हुईं क्षतिग्रस्त
South Korea Heavy Rainfall सियोल में भारी बारिश के चलते 2682 इमारतों और अपार्टमेंट में पानी भर गया है। इससे 600 लोगों को विस्थापित होना पड़ा है और 20000 से अधिक पशु भी इस दौरान मर गए है। बाढ़ से कई एकड़ जमीन पर लगी खेती भी नष्ट हो गई।
सियोल, एजेंसी। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में रिकार्ड तोड़ बारिश से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बाढ़ के चलते सरकारी खजाने को भी भारी नुकसान हुआ है। भारी बारिश के कारण 2,682 इमारतों और अपार्टमेंट में पानी भर जाने से कम से कम 600 लोग विस्थापित हो गए। 20,000 से अधिक पशु भी इस दौरान मर गए और कई एकड़ जमीन पर लगी खेती भी नष्ट हो गई।
9 लोगों की मौत, 7 लापता
लगातार हो रही बारिश के साथ ही केंद्र सरकार और स्थानीय सरकारों ने कमर कस ली है। सभी ने इमारतों और सड़कों की मरम्मत में तेजी ला दी है। हालांकि नुकसान की जांच के बाद ही वास्तविक नुकसान का पता लगने की उम्मीद है। सेंट्रल डिजास्टर एंड सेफ्टी काउंटरमेशर्स हेडक्वार्टर के अनुसार बाढ़ के चलते कम से कम नौ लोग मारे गए और 17 घायल हैं, वहीं सात लोग लापता हैं।
988 लोगों ने अपने घर खोए
सियोल, ग्योंगगी और गैंगवोन से कई लोगों के हताहत होने की खबर है। वहीं, ग्योंगगी में 85, इंचियोन में 44, गंगवोन में नौ और सियोल में सात सहित लगभग 145 लोगों को बचाया गया है। 1,200 से अधिक लोग अपने घरों से निकलने के बाद अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं। बाढ़ के कारण 988 लोग अपने घर खो चुके हैं। वर्तमान में 1,471 लोग 103 अस्थायी सुविधाओं जैसे सामुदायिक केंद्र, स्कूल, ग्राम हॉल में रह रहे हैं। करीब 67 लोग अपने परिवार और रिश्तेदारों के घर चले गए हैं।
मसीहा बनकर उभरा रेड क्रास
इस बीच कोरिया डिजास्टर रिलीफ एसोसिएशन और रेड क्रास एक मसीहा बनकर उभरीं है। दोनों ने विस्थापित लोगों को टेंट, प्राथमिक उपचार और खाना पकाने के सामान सहित 21,000 से अधिक सामान प्रदान किया है। लोगों को 1,700 स्वास्थ्य देखभाल चीजें, 6,480 बोतलबंद पानी, 6,656 स्नैक्स आदि भी प्रदान किए गए। सरकार आपदा राहत सामग्री देने के लिए आपदा राहत संघ जैसे संबंधित संगठनों के साथ बातचीत कर रही है।