चीन के साथ नेपाल का दूसरा सैन्य अभ्यास आज से
नेपाल और चीन के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास का दूसरा संस्करण आज से चीन के दक्षिण पश्चिम सिचुआन प्रांत में शुरू होगा।
काठमांडू (प्रेट्र)। नेपाल और चीन के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास का दूसरा संस्करण आज से चीन के दक्षिण पश्चिम सिचुआन प्रांत में शुरू होगा। इसमें आतंकवाद से मुकाबला करने के तरीके पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा। नेपाली सेना के प्रवक्ता गोकुल भंडारी ने बताया कि नेपाल के 12 सैन्यकर्मी 12 दिवसीय 'माउंट एवरेस्ट मैत्री अभ्यास' के दूसरे संस्करण में भाग लेने के लिए चीन जाएंगे। इस अभ्यास में मुख्य रूप से आतंकवाद विरोधी गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह दूसरी बार होगा जब नेपाली सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास में भाग लेगी। इस तरह का पहला अभ्यास पिछले साल अप्रैल में आयोजित किया गया था।
नेपाल पिछले 13 वर्षों से भारतीय सेना के साथ 'सूर्य किरण' नामक बटालियन स्तर का अभ्यास कर रहा है। इसमें दोनों पक्षों से लगभग 300 सैन्यकर्मी हिस्सा लेते हैं। नेपाल और चीन के रक्षा बलों ने हाल के वर्षों में अपना सहयोग बढ़ाया है।