राजनीति में आने से पहले न्यूज एंकर हुआ करते थे इजरायल के 14वे प्रधानमंत्री Yair Lapid
इजरायल के नए पीएम राजनीति में आने से पहले पत्रकार थे। उनका संबंध टीवी से भी रहा है। अमेरिका में भी उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में हाथ आजमाया था। वे न्यूज एंकर की भी भूमिका में रह चुके हैं।
नई दिल्ली (आनलाइन डेस्क)। इजरायल के 14वें प्रधानमंत्री येर लैपिड का पूरा करियर विविधता से भरा रहा है। वो एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते हैं जहां उनके पिता और नाना पत्रकार की भूमिका में रहे। उनके पिता भी पत्रकार से नेता और फिर केंद्र में मंत्री बने थे। वहीं, उनके नाना ने एक अखबार की शुरुआत की थी। राजनीति में आने से पहले येर ने भी इसमें अपना योगदान दिया था। आपको बता दें कि देश के प्रधानमंत्री बनने से पहले येर लैपिड देश के विदेश मंत्री रह चुके हैं। इस पद पर वे 2021-2022 तक थे। इससे पहले 2020-21 के दौरान लैपिड विपक्ष के नेता भी रहे हैं। 2013-14 के दौरान उनके हाथों में देश के वित्त मंत्री का पद था।
देश की राजनीति में आने से पहले लैपिड एक टीवी होस्ट और न्यूज एंकर हुआ करते थे। उनका संबंध देश की येश अतिड पार्टी से है। 30 अप्रेल 2012 को उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी Yair Atid Party को आधिकारिक रूप से रजिस्टर्ड करवाया था। 2013 के चुनाव में यह पार्टी दूसरे नंबर पर रही थी और विधानसभा की 19 सीटों पर अपना कब्जा जमाया था। इसके बाद लैपिड को एक जोरदार नेता के तौर पर गिना जाने लगा था।
इस जीत ने उनकी छवि को एक नेता के तौर पर उभारने काम किया। देश की राजनीति में उनके कद का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि येरूशलम पोस्ट ने दुनिया के सबसे ताकतवर यहूदी नेता के रूप में पहला नंबर दिया था। इसके अलावा वर्ष 2013 में उन्हें दुनिया में बेहतर विदेश नीति थिंकर के रूप में भी उन्हें पहचान मिली थी। इतना ही नहीं, लैपिड को टाइम्स मैग्जीन ने वर्ष 2013 के सबसे ताकतवर नेताओं की सूची में भी शामिल किया गया था। लैपिड देश की सुरक्षा के लिए बनाई गई कई कमेटियों में अपनी अहम भूमिका निभा चुके हैं।