दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हुए पीएम मोदी, ब्रिक्स सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
मोदी को सी-ऑफ करन के लिए युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी खुद एयरपोर्ट पहुंचे थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। अफ्रीकी देश रवांडा और युगांडा के दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हो गए हैं। मोदी को सी-ऑफ करन के लिए युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी खुद एयरपोर्ट पहुंचे थे। मोदी ने फ्लाइट पर चढ़ते वक्त हाथ हिलाकर राष्ट्रपति मुसेवेनी को अलविदा कहा।
दक्षिण अफ्रीका की यात्रा के दौरान वह ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जिसमें अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा समेत कई वैश्विक महत्व के मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। बतादें पीएम मोदी तीन देश रवांडा, युगांडा और दक्षिण अफ्रीका के पांच दिवसीय दौरे पर हैं।
युगांडा की संसद को किया संबोधित
इससे पहले बुधवार सुबह पीएम मोदी ने युगांडा की संसद को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का अतीत काफी कुछ मिलता जुलता है। दोनों देश लंबे समय तक उपनिवेशवादी ताकतों के अधीन रहे हैं। एक लंबा स्वाधीनता संघर्ष का इतिहास रहा है। मोदी ने कहा कि भारतीय स्वाधीनता के इतिहास का लिंक अफ्रीका से है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने 21 वर्ष अफ्रीका में व्यतीत किए और असहयोग आंदाेलन की शुरुआत यहीं से हुई थी।
बता दें कि वर्ष 1997 के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह इस देश की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। पीएम मोदी जब वहां पहुंचे तो हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
गौरतलब है कि भारत के किसी प्रधानमंत्री की 20 वर्षों बाद यह पहली युगांडा यात्रा है। युगांडा के राष्ट्रपति को भारत का पुराना मित्र बताते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 2007 में युगांडा की पहली यात्रा उनके जेहन में अब भी बनी हुई है। राष्ट्रपति मुसावेनी ने मोदी की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक मामलों में उनके व्यापार प्रबंधन रुख से भारत में काफी बदलाव आया।