Coronavirus: जर्मनी में पुलिस और प्रदर्शनकारियों में हिंसा, दर्जनों लोग हिरासत में
पुलिस ने बताया कि महामारी के कारण देश में लगे प्रतिबंधों के विरोध में कुछ लोग रैलियां कर रहे थे। प्रदर्शन हिंसक होता देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत मे ले लिया।
बर्लिन, एपी। जर्मनी में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के चलते लगे प्रतिबंधों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे दर्जनों लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि महामारी के कारण देश में लगे प्रतिबंधों के विरोध में कुछ लोग रैलियां कर रहे थे। प्रदर्शन हिंसक होता देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत मे ले लिया।
कुछ लोग पूर्व पूर्वी बर्लिन में स्थित अलेक्जेंडरप्लजेट (Alexanderplatz) पर प्रतिबंधों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बोतलें फेंकनी शुरू कर दी जिसके बाद इनमें से 86 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया। इस दौरान एक अधिकारी भी घायल हो गया है। इसके अलावा रीचस्टैग इमारत के सामने हुई एक अलग घटना में एक और पुलिसकर्मी घायल हो गया। यहां 46 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पश्चिमी शहर डॉर्टमुंड में एक व्यक्ति ने विरोध प्रदर्शन के दौरानएक टीवी क्रू पर हमला किया। पिछले दो सप्ताह में जर्मनी में यह इस तरह का तीसरा हमला है। 23 वर्षीय हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। कॉल्न (Cologne) पुलिस ने नाराजगी व्यक्त करते हुआ कहा कि शहर में कुछ प्रदर्शनकारियों ने दुकानदारों से दुकानों में प्रवेश करने पर अपने मास्क हटाने का आग्रह कियाहै। कॉल्न के पुलिस प्रमुख ने कहा, "ऐसा लगता है कि इन लोगों को अभी भी समझ नहीं आया है कि यह सिर्फ उनके स्वास्थ्य से जुड़ी बात नहीं है बल्कि यह दूसरों के जीवन से भी जुड़ा है।"
हाल के हफ्तों में जर्मनी में महामारी संबंधी प्रतिबंधों में धीरे-धीरे ढील के बावजूद विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं क्योंकि कई समूह, सी-लिस्ट हस्तियां और अन्य लोग इस वायरस को खतरनाक ना मानकर इसे एक वैश्विक साजिश का हिस्सा मानते हैं।
बता दें कि जर्मनी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 171,324 है जबकि मरने वालों का आंकड़ा यहां 7,549 तक पहुंच गया है।