उत्तर कोरिया में किम की परमाणु हथियार योजना पर संसद की मोहर, भविष्य की सभी योजनाओं को भी किया गया पारित
संसद ने सर्वसम्मति से अगले पांच साल की बनाई गई योजनाओं को मंजूरी दे दी है। संसद ने मंत्रिमंडल में परिवर्तन पर भी सहमति दे दी है। किम ने आठ में से छह मंत्रियों को बदल दिया है जिन्हें आर्थिक क्षेत्र में निराशाजनक प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
सियोल, एपी। उत्तर कोरिया की रबर स्टांप संसद ने सत्तारूढ़ दल के नेता किम जोंग उन की भविष्य की सभी योजनाओं को पारित कर दिया है। इसमें निराशाजनक अर्थव्यवस्था को उबारने के उपाय और परमाणु हथियारों का मुकाबला करने की तैयारी भी शामिल है।
यहां की संसद (सुप्रीम पीपुल्स असेंबली) ने सर्वसम्मति से अगले पांच साल की बनाई गई योजनाओं को मंजूरी दे दी है। संसद ने मंत्रिमंडल में परिवर्तन पर भी सहमति दे दी है। किम ने आठ में से छह मंत्रियों को बदल दिया है, जिन्हें आर्थिक क्षेत्र में निराशाजनक प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार ठहराया था।
ज्ञात हो कि इससे पूर्व सत्तारूढ़ पार्टी नेता किम जोंग उन ने पांच साल के बाद पार्टी कांग्रेस का सम्मेलन बुलाया था। इसमें उन्होंने स्वीकार किया था कि आर्थिक क्षेत्र में देश पिछले साल में बुरी तरह पिछड़ गया है। इसी सम्मेलन में उन्होंने विकास के लिए नई योजनाओं की घोषणा की थी। इस बार की पांच साल की योजनाओं में सैन्य शक्ति को और बढ़ाने के साथ ही परमाणु हथियारों के आक्रमण को रोकने की पुख्ता व्यवस्था करने की योजना को भी आगे बढ़ाने का निर्णय लिया था। इन सभी को अब संसद ने ज्यों का त्यों पारित कर दिया है।