Coronavirus Update : यूरोप में दस लाख से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव, 90 हजार से ज्यादा पीड़ितों ने दम तोड़ा
यूरोप में कोरोना वायरस के टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए लोगों की संख्या दस लाख के पार पहुंच गई है। यूरोपीय देशों में मरने वालों का आंकड़ा भी 90 हजार से अधिक हो गया है।
पेरिस, एजेंसियां। महामारी से बुरी तरह प्रभावित यूरोप में कोरोना वायरस के टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए लोगों की संख्या दस लाख के पार पहुंच गई है। यूरोपीय देशों में मरने वालों का आंकड़ा भी 90 हजार से अधिक हो गया है। यूरोप में स्पेन और इटली पर सबसे ज्यादा मार पड़ रही है। ब्रिटेन में भी लगातार मामले बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए ब्रिटिश सरकार लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने की तैयारी में है। जबकि जर्मनी की चांसलर एजेंला मर्केल ने लॉकडाउन में धीरे-धीरे ढील देने का एलान किया है।
महामारी का सबसे ज्यादा असर यूरोप महाद्वीप पर
राष्ट्रीय प्राधिकरणों के डाटा और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की जानकारी के अनुसार, महामारी से सबसे ज्यादा जूझ रहे यूरोप महाद्वीप में अब तक संक्रमित पाए गए दस लाख से ज्यादा लोगों में 90 हजार की मौत हो चुकी है। महाद्वीप में महज दस दिनों में ही संक्रमित लोगों का आंकड़ा दोगुना होकर दस लाख के पार पहुंच गया है।
ब्रिटेन लॉकडाउन हटाने में जुटा
महामारी नहीं थमने के कारण ब्रिटेन की सरकार लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने में जुट गई है। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के प्रयास में देश में पिछले माह तीन हफ्ते के लिए तमाम उपायों का एलान किया गया था। इसके बावजूद ब्रिटेन में संक्रमित लोगों की तादात एक लाख के करीब पहुंच गई है। कई मंत्रियों ने यह संकेत दिया है कि लॉकडाउन जैसे उपायों को और तीन हफ्तों के लिए बढ़ाया जाएगा। स्कॉटलैंड और वेल्स पहले ही कह चुके हैं कि सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों में अभी कोई ढील नहीं दी जाएगी। उत्तरी आयरलैंड ने नौ मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है।
इस बीच, जर्मनी की चांसलर मर्केल ने पाबंदियों से धीरे-धीरे ढील देने की योजना का एलान किया है। उन्होंने कहा, देश में तीन मई तक पाबंदियां लागू रहेंगी। चार मई से स्कूलों को धीरे-धीरे खोला जाएगा। लेकिन सार्वजनिक जमावड़े पर 31 अगस्त तक रोक रहेगी। उन्होंने लोगों को दुकानों और सार्वजनिक परिवहन में फेस मास्क पहनने की भी सलाह दी है।
दुनियाभर में 21 लाख संक्रमित
पूरी दुनिया में 21 लाख से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से करीब आधे मामले अकेले यूरोप में हैं। विश्व में अब तक एक लाख 35 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
ऑस्ट्रेलिया में चार हफ्ते के लिए और बढ़ीं पाबंदियां
ऑस्ट्रेलिया में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लगाई गई पाबंदियों को चार हफ्तों के लिए और बढ़ा दिया गया है। प्रधानमंत्री स्कॉट मौरिसन ने गुरुवार को कहा कि पाबंदियों में अगले महीने से ढील दी जा सकती है। ऑस्ट्रेलिया में अब तक संक्रमित पाए गए 6,457 लोगों में आधे से ज्यादा उबर चुके हैं। 42 रोगी वेंटीलेटर पर हैं। जबकि 63 की मौत हो चुकी है।
स्पेन के ताबूत बनाने वाले गांव में दोगुनी हुई मांग
यूरोप में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित स्पेन में एक लाख 80 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। 19 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। देश में रोजाना सैकड़ों पीडि़तों के दम तोड़ने से ताबूतों की मांग में कई गुना इजाफा हो गया है। इस देश में एक ऐसा गांव भी है, जो ताबूतों के निर्माण के लिए जाना जाता है। एक हजार की आबादी वाले पश्चिमोत्तर स्पेन के पाइनोर गांव में ताबूत बनाने के नौ कारखाने हैं। यहां लोग पीढ़ियों से ताबूत बनाने के काम में लगे हैं। इस महामारी के दौर में गांव से ताबूतों की मांग दोगुनी से ज्यादा हो गई है।
सबसे प्रभावित देश
देश - मौत - संक्रमित
अमेरिका - 30,400 - 6,44,806
इटली - 21,645 - 1,65,155
स्पेन - 19,130 - 1,82,816
फ्रांस - 17,167 - 1,47,863
ब्रिटेन - 12,868 - 98,476
ईरान - 4,869 - 77,995
बेल्जियम - 4,857 - 34,809
जर्मनी - 3,849 - 1,35,230
चीन - 3,342 - 82,341