नेपाल को कोरोना वैक्सीन देगा भारत, कल काठमांडू पहुंचाई जाएगी टीके की 10 लाख डोज
भारत अपने सबसे करीबी और पड़ोसी देश नेपाल को कोरोना वैक्सीन देने जा रहा है। कल टीके की डोज काठमांडू पहुंच जाएगी। इसे वैक्सीन मैत्री नाम दिया गया है।नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री हृदयेश त्रिपाठी ने इसकी पूरी जानकारी दी है।
काठमांडू/नई दिल्ली, एएनआइ। कोरोना वायरस(Coronavirus) के खिलाफ जंग में भारत पड़ोसी देशों की मदद के लिए आगे आ रहा है। इस बीच भारत अपने सबसे करीबी पड़ोसी देश नेपाल को कोरोना वैक्सीन देने जा रहा है। टीके की 10 लाख डोज कल काठमांडू पहुंचाई जाएगी। नेपाल सरकार की ओर से इसकी जानकारी दी गई है। नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री हृदयेश त्रिपाठी ने बताया कि भारत, नेपाल को कोरोना वैक्सीन की एक मिलियन(10 लाख) डोज प्रदान करने जा रहा है। नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, डीके की डोज कल काठमांडू पहुंचेगी।
नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री हृदयेश त्रिपाठी ने कहा है कि यह नेपाल और भारत के बीच संबंधों का एक उदाहरण है। इसे 'वैक्सीन मैत्री' नाम दिया गया है।
इससे पहले भारत ने मंगलवार को एलान किया था कि वह 20 जनवरी से छह देशों को कोरोना वैक्सीन की आपूर्ति शुरू करेगा। यह वैक्सीन इन देशों को अनुदान सहायता के रूप में दी जाएगी। सबसे पहले वैक्सीन पाने वाले देशों में भूटान, मालदीव, नेपाल, म्यांमार, बांग्लादेश और सेशेल्स शामिल हैं।
भूटान को भेजी गई कोरोना वैक्सीन
भारत की तरफ से भूटान को आज सुबह-सुबह कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड के 1.5 लाख डोज भेजे गए हैं। ये वैक्सीन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बुधवार सुबह भूटान के थिम्फु के लिए रवाना की गई। भारत ने अपने पड़ोसी देश को भी अपने साथ-साथ कोरोना वैक्सीन की सप्लाई शुरू कर दी है।
बता दें कि कई देशों ने कोरोना वैक्सीन की जल्द सप्लाई शुरू करने के लिए भारत से संपर्क किया है। इनमें अफगानिस्तान, श्रीलंका और मॉरिशस जैसे पड़ोसी देश भी शामिल हैं। भारत इन देशों को भी पहले चरण में वैक्सीन देने का ऐलान जल्द ही करने वाला है।
इससे पहले भारत ने कोरोना महामारी के दौरान बड़ी संख्या में कई देशों को हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वाइन, रेमेडिसविर और पेरासिटामॉल गोलियों के साथ-साथ डायग्नोस्टिक किट, वेंटिलेटर, मास्क, दस्ताने और अन्य चिकित्सा आपूर्ति की थी।