एक दशक में समुद्र में समा जाएंगे थाईलैंड की राजधानी के कई हिस्से, जानिए किसका है खतरा
विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि अगले एक दशक में शहर का करीब 40 फीसद हिस्सा समुद्र में समा जाएगा।
बैंकॉक, एएफपी। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक मंगलवार से संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन की तैयारियों के मद्देनजर होने वाली बैठक की मेजबानी करने जा रही है। एक करोड़ से ज्यादा आबादी वाले इस शहर के अस्तित्व पर भी जलवायु परिवर्तन का खतरा मंडरा रहा है। विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि अगले एक दशक में शहर का करीब 40 फीसद हिस्सा समुद्र में समा जाएगा।
जलवायु परिवर्तन का संकट
थाईलैंड की राजधानी समुद्र तल से केवल पांच फीट की ऊंचाई पर है। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता और फिलीपींस की राजधानी मनीला के साथ ही बैंकॉक भी जलवायु परिवर्तन के संकटों से जूझ रहा है। वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2030 तक बैंकॉक का 40 फीसद हिस्सा मूसलधार बारिश की वजह से पानी के भीतर होगा। हर साल यह शहर एक से दो सेंटीमीटर तक डूब रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अंधाधुंध शहरीकरण और तट रेखा का अपरदन निकट भविष्य में इस शहर के लिए बहुत बड़ा खतरा बनने वाला है। ग्रीनपीस फाउंडेशन के बुआकामसरी कहते हैं, 'जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए स्पष्ट नीति बनाना बहुत जरूरी है।'
बढ़ते तापमान के कारण बढ़ी समस्याएं
आने वाले वर्षो में बढ़ते तापमान के कारण मौसम में हो रहे असामान्य बदलाव जैसे चक्रवात, मूसलधार बारिश, सूखा और बाढ़ की समस्याएं बढ़ने की आशंका है। ऐसे में 2015 में हुए पेरिस जलवायु समझौते को मूर्त रूप देना बहुत जरूरी है। इस साल के अंत में पोलैंड में होने जलवायु सम्मेलन में भी ग्रीन हाउस गैसों जैसे कार्बन डाईऑक्साइड आदि के उत्सर्जन को कम करने के लिए नियम बनाए जाएंगे।