जर्मनी की खूबसूरत पुलिस ऑफिसर फिर हुईं सिंगल, 10 साल की प्रेम कहानी; अब हुआ ब्रेकअप
जर्मनी की सबसे खूबसूरत महिला पुलिस अधिकारी अब सिंगल हैं। उन्होंने खुद अपने सिंगल होने की खबर दी है। इंस्टाग्राम की उनकी लोकप्रियता देख उनके प्रेमी ने उन्हें छोड़ दिया है।
बर्लिन, एजेंसी। जर्मनी की सबसे खूबसूरत महिला पुलिस अधिकारी अब सिंगल हैं। उन्होंने खुद अपने सिंगल होने की खबर दी है। दरअसल, हुआ यूं कि इंस्टाग्राम में एड्रिनी कोलेजार (Adrienne Koleszar) की लोकप्रियता उनके प्रेमी को रास नहीं आई और उसका नतीजा यह हुआ कि दोनों अब अलग हो गए हैं। एड्रिनी के इंस्टाग्राम पर करीब 700,000 फॉलोअर्स हैं, जिन्हें उन्होंने बताया कि उनका दस साल का रिश्ता खत्म हो गया, क्योंकि वह एक ऐसी दुनिया में जी रही थीं, जिसे वह (प्रेमी) नहीं चाहता था।
ड्रेसडेन की रहने वाली 34 वर्षीय एड्रिनी सोशल मीडिया सेलिब्रिटी बन चुकी हैं। मॉडलिंग और कानून प्रवर्तन के बीच किस काम को करना है, इसका फैसला करने के लिए एड्रिनी ने छह महीने का ब्रेक लिया था और अब वह इस महीने की शुरुआत में फिर से काम पर लौट आई हैं।
प्रेमी का हाथ पकड़े हुए अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए एड्रिनी ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'कई सवाल, कोई जवाब नहीं। आप सार्वजनिक जीवन में हैं। ऐसी दुनिया में, जो वह कभी नहीं चाहता था। मगर, मैं यह चाहती थी। पूरी तरह से, किसी भी कीमत पर। अहंभाव, शुद्ध अहंकार, और सुरक्षा। जीवन से सुरक्षा, लोगों से, गलत फैसलों से, खुद से। उन्होंने आगे लिखा, 'तुम हमेशा मेरी सुरक्षा थे। 10 साल में बहुत कुछ हुआ। यह जैसा प्रतीत होता है वैसा कुछ भी नहीं है। अब मैं खुलकर कहती हूं- हम आजाद हैं। दो लोग। नई संभावनाएं।
इस महीने की शुरुआत में एड्रिनी ने घोषणा की थी कि वह छह महीने की छुट्टी के बाद ड्रेसडेन में अपने काम पर वापस लौट रही हैं। वह नियमित रूप से बिकनी में छुट्टियों की तस्वीरें पोस्ट करती थीं। नए साल के दिन यू-ट्यूब में पोस्ट किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा था कि वह एक जुलाई से दुनिया की यात्रा कर रही थीं, क्योंकि उन्होंने अपने भविष्य के बारे में अपना मन बना लिया था।
उन्होंने वीडियो में स्वीकार किया कि उन्होंने दिसंबर में अपने बॉस से बात की थी और कहा गया था कि अगर वह पुलिस में वापस आती हैं, तो उन्हें अपने इंस्टाग्राम पोस्ट और वीडियो को हटाना होगा। बीते छह महीनों के दौरान उन्होंने मियामी, न्यूयॉर्क, दुबई, एम्स्टर्डम और केपटाउन का दौरा किया।