शी चिनफिंग समाज के लिए सबसे खतरनाक दुश्मन : सोरोस
दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच में हिस्सा लेने आए सोरोस ने यह टिप्पणी गुरुवार को एक निजी कार्यक्रम में की।
दावोस, प्रेट्र। अरबपति कारोबारी जार्ज सोरोस ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग को स्वतंत्र समाज का सबसे बड़ा दुश्मन बताया है। इसी के साथ उन्होंने ट्रंप प्रशासन से पूरी दुनिया के साथ ट्रेड वार (व्यापार युद्ध) छेड़ने के बजाय इस विशालकाय कम्युनिस्ट देश पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया है। दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच में हिस्सा लेने आए सोरोस ने यह टिप्पणी गुरुवार को एक निजी कार्यक्रम में की।
उन्होंने चेतावनी दी कि चीन सरकार सोशल क्रेडिट सिस्टम बना रही है। इसके माध्यम से वह दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देशों में रहने वाले लोगों की निगरानी करेगी। उन्होंने कहा कि अगर यह काम करने लगा तो शी का लोगों पर पूरी तरह से नियंत्रण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि चूंकि शी खुले समाज का सबसे खतरनाक दुश्मन है, इसलिए हमें चीन के लोगों और विशेष रूप से व्यापारिक समुदाय और राजनीतिक अभिजात वर्ग पर कन्फ्यूशियस परंपरा को कायम रखने की उम्मीद करनी चाहिए।
सोरोस ने कहा कि चीन अकेला तानाशाही देश नहीं है बल्कि यह दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने के साथ ही सबसे मजबूत और तकनीकी रूप से सबसे उन्नत है। यह सभी चीजें शी को स्वतंत्र समाज का सबसे खतरनाक प्रतिद्वंद्वी बनाती हैं। सोरोस ने कहा कि शी चाहते हैं कि एक पार्टी ही चीन में सर्वोच्च शासन करे। सोरोस ने यह भी कहा कि जब तानाशाही राज्यों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निग नियंत्रित होती है तो यह सबसे बड़ा खतरा होता है।
हुआवेई और जेडटीई पर नकेल कसने की जरूरत
88 वर्षीय निवेशक और प्रगतिशील राजनीतिक कार्यकर्ता ने चीनी तकनीकी कंपनियों पर भी कार्रवाई की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि चीनी तकनीकी कंपनियों हुआवेई और जेडटीई को हल्के में लेने के बजाय नकेल कसने की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ये कंपनियां 5जी बाजार पर हावी हो गईं, तो वे बाकी दुनिया के लिए खतरा होंगी। हालांकि दोनों कंपनियों ने इससे इन्कार किया है कि उनके उत्पाद सुरक्षा के लिए खतरा हैं।
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा, तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया
शुक्रवार को बीजिंग में चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने सोरोस पर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप लगाया। हुआ ने बीजिंग में संवाददाताओं से कहा, हमें उम्मीद है कि एक अमेरिकी व्यक्ति चीन के प्रति अपने रवैये को सुधारने के साथ ही अपने सोच को व्यापक बनाएगा। इसी के साथ चीन के विकास को एक उद्देश्यपूर्ण, उचित और सही तरीके से देखेगा।