French lockdown के बीच पेरिस में पार्टी का आयोजन, पुलिस ने इस्तेमाल किया विशेष तरह का ग्रेनाइड
फ्रांस में महामारी के प्रसार को रोकने के लिए देश में दूसरी बार लॉकडाउन को लागू किया गया है। पुलिस ने यहां चल रही एक पार्टी को सख्ती से बंद करवाया। इस आयोजन में 300 लोग एकत्र थे। इसको रोकने के लिए पुलिस ने विशेष हथगोले का इस्तेमाल किया।
पेरिस, एजेंसी। फ्रांस की राजधानी पेरिस में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने सरकार को चिंता में डाल दिया है। महामारी के प्रसार को रोकने के लिए देश में दूसरी बार लॉकडाउन को लागू किया गया है। फ्रांस में सभी तरह के सार्वजनिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन पेरिस में पार्टियों का दौर जारी है। शनिवार को पुलिस ने यहां चल रही एक पार्टी को सख्ती से बंद करवाया। इस आयोजन में 300 लोग एकत्र थे। इसको रोकने के लिए पुलिस ने विशेष हथगोले का इस्तेमाल किया। बता दें कि फ्रांस में कोरोना महामारी का प्रसार तेजी से हो रहा है। देश में वायरस से अब तक 43,900 लोगों की मौत हो चुकी है।
पार्टी में शामिल एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित
पेरिस पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि मध्य रात्रि में चल रही पार्टी को समाप्त करने के लिए उसने हस्तक्षेप किया है। पुलिस के मुताबिक लॉकडाउन के बावजूद इस पार्टी में करीब 300 लोग शामिल थे। इस पार्टी में स्वास्थ्य नियमों की पूरी तरह से अनदेखी की गई। हस्तक्षेप करने पर यहां जमा भीड़ ने पुलिस पर खाली बोतलें फेंकी। पुलिस ने बताया कि भीड़ को समाप्त करने के लिए एक खास किस्म के हथगोले का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने ट्वीट करके बताया कि इस पार्टी में शामिल एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने पार्टी में मौजूद लोगों से जल्द से जल्द कोरोना परीक्षण की अपील की है, ताकि इसके प्रसार को रोका जा सके।
पेरिस समेत कई क्षेत्रों में पुलिस का सख्त पहरा
बता दें कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर के मद्देनजर एक सप्ताह पूर्व देश में दूसरा राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन लगाया गया है। पेरिस समेत कई क्षेत्रों में पुलिस का सख्त पहरा है। लॉकडाउन के नियमों के मुताबिक पुलिस की अनुमति के बिना घर से निकलने की इजाजत नहीं है। घर से बाहर जाने के लिए पुलिस की अनुमति लेना जरूरी है। कार्य के अनुरूप पुलिस कम से कम एक घंटे की इजाजत देती है। शुक्रवार को पुलिस ने नियमों का अतिक्रमण करने वालों पर 300 यूरो का जुर्माना लगाया। इस दौरान 24 वर्षीय फिलिस्तीनी नागरिक को और फ्रांस की 21 वर्षीय महिला को शनिवार को 2 साल और दो महीने की जेल की सजा सुनाई गई।