फेसबुक, एपल और अमेजन जैसी दिग्गज कंपनियों पर फ्रांस में लगेगा डिजिटल टैक्स
फ्रांस के वित्त मंत्री ब्रूनो ली ने कहा इस तरह के कदम की अगुआई करने पर फ्रांस को गर्व है। हम यह कानून लाने और वित्तीय मसलों पर संप्रभु रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पेरिस, एएफपी। फ्रांस में जल्द ही फेसबुक, एपल, अमेजन जैसी दिग्गज अमेरिकी कंपनियों पर डिजिटल टैक्स लगाया जाएगा। इससे संबंधित कानून संसद के निचले सदन नेशनल असेंबली ने भारी बहुमत से पास कर दिया है। फ्रांस को हालांकि इसके चलते अमेरिका की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर फ्रांस के वित्त मंत्री ब्रूनो ली ने कहा, इस तरह के कदम की अगुआई करने पर फ्रांस को गर्व है। हम यह कानून लाने और वित्तीय मसलों पर संप्रभु रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अमेरिका ने फ्रांस से इस प्रस्ताव को टालने का आग्रह किया था। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो का कहना है कि ऐसे कानून से ना सिर्फ अमेरिकी कंपनियां बल्कि फ्रांस के वे नागरिक भी प्रभावित होंगे जो इस तरह के प्लेटफार्म का इस्तेमाल करते हैं। इसके बावजूद फ्रांस ने गाफा (गूगल, अमेजन, फेसबुक, एपल) नामक इस कानून का प्रस्ताव दिया। कानून बनने के लिए अभी इसका संसद के उच्च सदन सीनेट में पास होना जरूरी है।
क्या है प्रस्ताव
इस नए कर कानून के तहत डिजिटल विज्ञापन, निजी डाटा की बिक्री आदि के लिए प्रौद्योगिकी कंपनियों पर तीन फीसद कर लगेगा। यह उन सभी कंपनियों पर लागू होगा जो हर साल दुनियाभर में 84 करोड़ डॉलर (करीब 5,823 करोड़ रुपये) की कमाई करती हैं।