पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा ने सजा के लिए खुद को दक्षिण अफ्रीकी प्रशासन के हवाले किया
वर्ष 2009 से 2018 के बीच उनके शासनकाल में उनकी सरकार को भ्रष्टाचार के मामले में संलिप्त पाया गया था। लेकिन जुमा का कहना था कि उनके साथ मनमाना बर्ताव किया गया है और वह सजा के हकदार नहीं हैं।
जोहानिसबर्ग, प्रेट्र। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा ने खुद को 15 महीने की सजा भुगतने के लिए अंतत: प्रशासन के हवाले कर दिया है। इसी के साथ उनके सशस्त्र समर्थकों और पुलिस के बीच तनाव खत्म हो गया है।
विगत बुधवार को मध्यरात्रि की समयसीमा खत्म होने से पहले जुमा ने खुद को दक्षिण अफ्रीका की पुलिस के हवाले कर दिया जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले देश के सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें भ्रष्टाचार की एक जांच में अदालत की अवमानना का दोषी पाए जाने पर 15 महीने की कैद की सजा सुनाई गई थी।
वर्ष 2009 से 2018 के बीच उनके शासनकाल में उनकी सरकार को भ्रष्टाचार के मामले में संलिप्त पाया गया था। लेकिन जुमा का कहना था कि उनके साथ मनमाना बर्ताव किया गया है और वह सजा के हकदार नहीं हैं। इसीलिए उन्होंने अपनी सजा के खिलाफ कोर्ट में भी अपील की थी जिसे वह बाद में हार गए हैं।
अभी हाल ही में जुमा ने कहा था कि वैश्विक महामारी का कहर चरम पर होने के दौरान मेरी उम्र के शख्स को जेल भेजना मौत की सजा के बराबर है। दक्षिण अफ्रीका में 1995 में मौत की सजा को असंवैधानिक घोषित कर दिया गया था।