ब्रिटेन में 39 शव मिलने के मामले में आठ और वियतनामी गिरफ्तार
ब्रिटेन पहुंचे एक रेफ्रिजरेटेड ट्रक कंटेनर में 39 शव मिलने के मामले में वियतनाम में आठ लोगों को और गिरफ्तार किया गया है।
हनोई, एपी। ब्रिटेन पहुंचे एक रेफ्रिजरेटेड ट्रक कंटेनर में 39 शव मिलने के मामले में वियतनाम में आठ लोगों को और गिरफ्तार किया गया है। पिछले माह कंटेनर से मिले इन शवों की पहचान वियतनामी नागरिकों के रूप में की गई है।
वियतनाम की पुलिस ने कहा है कि संगठित मानव तस्करी के आरोप में रविवार को आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। ब्रिटिश पुलिस ने बीते शुक्रवार को कहा था कि कंटेनर में मृत अवस्था में मिले लोग वियतनामी थे। शुरू में उन्हें चीनी नागरिक बताया गया था, लेकिन जब पीडि़त वियतनामी परिवारों ने अपनों के लापता होने की शिकायत की तो यह मामला उजागर हुआ।
ब्रिटिश मीडिया के मुताबिक, जिस ट्रक से ये शव बरामद हुए, वह बाहर से बंद था और अंदर का तापमान माइनस 25 डिग्री था। इस कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। अंदर इतनी ठंड हो गई थी कि लोग अंदर ठिठुरने लगे। कहा जा रहा है कि इन लोगों को स्मगलर लंदन लेकर आए थे। ट्रक के अंदर खून के हाथों को निशान भी मिले थे। माना जा रहा है कि लोगों ने मदद के लिए जब गुहार लगाई होगी तो आखिरी वक्त में ये लोग ट्रक का दरवाजा खटखटाते हुए मदद मांग रहे थे।
ब्रिटिश पुलिस ने गत 23 अक्टूबर को मध्य लंदन से करीब 32 किलोमीटर दूर स्थित ग्रेज औद्योगिक क्षेत्र में पहुंचे एक ट्रक कंटेनर से शव बरामद किए थे। इस मामले में उत्तरी आयरलैंड के ट्रक ड्राइवर मौरिस रॉबिंसन (25) को हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद गत शुक्रवार को उत्तरी आयरलैंड से एक अन्य व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई थी। इसी दिन दो अन्य वियतनामी नागरिकों को भी पकड़ा गया था।
ग्रीस में ट्रक में मिले 41 शरणार्थी
एथेंस : ग्रीस की पुलिस को जांच के दौरान एक रेफ्रिजरेटेड ट्रक में 41 शरणार्थी मिले हैं। वे ट्रक में छुपे थे। सभी सुरक्षित हैं। पुलिस ने बताया कि इनमें से ज्यादातर अफगान नागरिक हैं। उत्तरी ग्रीस के जानथी शहर में नियमित जांच के दौरान ट्रक को रोका गया था। ट्रक के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है।