तीन माह बाद दोबारा खुला एफिल टावर, वर्ल्ड वार II में लंबे समय तक रहा था बंद
कोविड-19 के कारण लागू लॉकडाउन के तहत बंद एफिल टावर को तीन माह बाद आज खोल दिया गया।
पेरिस, आइएएनएस। लॉकडाउन के तीन माह बाद फ्रांस की राजधानी पेरिस (Paris) स्थित एफिल टावर (Eiffel Tower) को दोबारा गुरुवार को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। द्वितीय विश्वयुद्ध (World War Two) के बाद दूसरी बार इतने लंबे समय तक एफिल टावर को बंद रखा गया। बता दें कि कोविड-19 (COVID-19) के कारण तीन माह से दुनिया भर में लॉकडाउन है जिसमें अब कई देशों ने ढील देने की शुरुआत कर दी है लेकिन धीमी गति से।
सीमित संख्या के पर्यटकों के साथ शुरू हुए एफिल टावर में आने वाले 11 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों को फेस मास्क लगाना अनिवार्य है। साथ ही टावर की दूसरी मंजिल को बंद रखा गया है। साथ ही यहां आने वाले पर्यटकों को लिफ्ट नहीं सीढ़ियों का इस्तेमाल करना होगा। 1 जुलाई तक लिफ्ट बंद ही रहेगा। एफिल टावर की वेबसाइट के अनुसार, यह टावर 1889 में बनकर तैयार हुआ था। हर साल यहां करीब 70 लाख पर्यटक आते हैं और इनमें से तीन चौथाई पर्यटक दूसरे देशों से आते हैं।
फ्रांस की राजधानी स्थित एक और प्रसिद्ध स्मारक लावरे ( Louvre) को 6 दोबारा खोला जाएगा। फ्रांस ने 15 जून को यूरोपीय सीमा पर से यात्रा प्रतिबंधों को हटा दिया। गुरुवार तक यहां 1 लाख 97 हजार 8 सौ 85 मामले आए वहीं मरने वालों का आंकड़ा 29 हजार 7 सौ 34 है।
हालांकि अधिकतर देशों में अभी भी गैर जरूरी अंतरराष्ट्रीय यात्रा न करने की सलाह दी जा रही है। पॉपुलर पर्यटक स्थलों वाले देशों में लॉकडाउन में ढील दी जा रही है और इन जगहों पर अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को भी आने की अनुमति दे दी गई है लेकिन तमाम एहतियातों और उपायों के साथ। इससे पहले मई में यूरोपीयन यूनियन ने अपना एक्शन प्लान सार्वजनिक किया था। कुछ कैरेबियन आइलैंड ने दोबारा विदेशी पर्यटकों के लिए अपनी सीमाएं खोलनी शुरू कर दी हैं वहीं मेक्सिको और थाइलैंड के इलाके आने वाले समय में दोबारा खोलने की योजना बना रहे हैं।