Rajnath Singh in Bangkok: रक्षा मंत्री बोले- 2025 तक 26 बिलियन डॉलर का हो सकता है भारत का रक्षा उद्योग
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बैंकॉक में उम्मीद जताते हुए कहा है कि 2025 तक भारत का रक्षा उद्योग 26 बिलियन डॉलर का होने की उम्मीद है।
बैंकॉक, एएनआइ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इनदिनों आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक के लिए थाईलैंड दौरे पर हैं। इस दौरान सोमवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि, भारत ने रक्षा उत्पादन नीति 2018 के मसौदे 2025 तक रक्षा निर्यात में 5 बिलियन अमेरिकी डॉलर का लक्ष्य रखा था। हालांकि लक्ष्य महत्वाकांक्षी है लेकिन यह जानना उत्साहजनक है कि पिछले 2 साल में भारत का रक्षा निर्यात लगभग 6 गुना बढ़ गया है। उन्होंने साथ ही कहा कि भारत सरकार 2025 तक 26 बिलियन अमेरिकी डॉलर का रक्षा उद्योग हासिल करने की दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन में रक्षा मंत्री
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जापान, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें की। बातचीत में रक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग और संबंधों को और मजबूती देने पर जोर दिया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आसियान और उसके आठ सहयोगी देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में शामिल होने बैंकॉक गए हैं।
बैंकाक में आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को सम्मलेन से इतर अमेरिका के अपने समकक्ष मार्क एस्पर से मुलाकात की।
आधिकारिक बयान के मुताबिक जापान के रक्षा मंत्री टैरो कोनो, ऑस्ट्रेलिया की रक्षा मंत्री लिंडा रेनोल्ड और न्यूजीलैंड के रक्षा मंत्री रोन मार्क के साथ बैठकों में राजनाथ सिंह ने इन देशों के साथ भारत के संपूर्ण द्विपक्षीय रक्षा संबंधों की समीक्षा की। साथ ही नए रक्षा क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत बनाने पर चर्चा भी की। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री रायसीना संवाद में शामिल होने अगले साल भारत आ सकती हैं। बयान के मुताबिक जापान के विदेश मंत्री कोनो के साथ राजनाथ सिंह की यह पहली मुलाकात थी। दोनों नेताओं के बीच इस महीने के आखिर में नई दिल्ली में टू प्लस टू की बैठक भी निर्धारित है।