क्रूज शिप से गिरी ब्रिटिश महिला दस घंटे बाद बचाई गई
क्रोएशिया के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार नॉर्वेजियन स्टार क्रूज शिप इटली के वेनिस जा रहा था।
By Ravindra Pratap SingEdited By: Published: Mon, 20 Aug 2018 07:02 PM (IST)Updated: Mon, 20 Aug 2018 07:02 PM (IST)
जागरेब, एएफपी। क्रोएशिया के करीब एड्रियाटिक सागर में क्रूज शिप से गिरी एक ब्रिटिश महिला को करीब दस घंटे बाद तटरक्षक बल के जवानों ने सुरक्षित बचा लिया। क्रोएशिया के नेशनल टेलीविजन पर रविवार को महिला ने कहा, 'मैं करीब दस घंटे तक समुद्र में रही। इन शानदार लोगों ने मुझे बचा लिया। मैं जिंदा बचकर बेहद खुश हूं।'
क्रोएशिया के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता के अनुसार, 'नॉर्वेजियन स्टार क्रूज शिप इटली के वेनिस जा रहा था। इसी दौरान क्रूज शिप के पिछले वाले हिस्से से एक महिला समुद्र में गिर गई। सूचना मिलने पर हमारे तटरक्षकों ने पानी के बहाव और हवा की गति के आधार पर महिला की स्थिति का पता लगाया। वह जहां गिरी थी वहां से करीब 1.3 किलोमीटर दूर मिली।'
महिला को बचाने वाले जहाज के कैप्टन लोवरो ओरेस्कोविच ने कहा, 'हमने एक इंसानी जान बचाई है। यह ऐसा एहसास है जिसकी तुलना किसी चीज से नहीं हो सकती।'
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें