COVID-19: लैटिन अमेरिका का सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील, मौत का आंकड़ा 1 लाख के पार
ब्राजील में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 41 लाख 62 हजार से अधिक है और मरने वालों की संख्या 1 लाख के पार चली गई है।
रियो डे जेनेरो, एएनआइ। ब्राजील सरकार ने मंगलवार को कोविड-19 संक्रमण के कारण होने वाली मौतों का आंकड़ा देखते हुए चिंता जाहिर की। देश में मंगलवार तक कुल 1 लाख 27 हजार संक्रमित लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं मात्र 24 घंटे में देश में 504 लोगों की कोविड-19 संक्रमण के कारण जान चली गई और 14 हजार 2 सौ 79 नए मामले सामने आए। बता दें कि ब्राजील में अब तक कुल मामलों का आंकड़ा 41 लाख 62 हजार 73 हो चुका है।
देश का सर्वाधिक प्रभावित राज्य साओ पाओलो है यहां 8 लाख 58 हजार 7 सौ 83 मामले संक्रमण के हैं वहीं 31 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद रियो डे जेनेरो में 2 लाख 33 हजार 3 सौ 73 संक्रमण के मामले हैं और मरने वालों की संख्या 16 हजार 6 सौ 46 है। लैटिन अमेरिका में सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील है जहां संक्रमण के मामले सबसे अधिक हैं।
अमेरिका की जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी दुनिया भर में संक्रमण के मामलों पर नजर रख रही है। दुनिया भर में संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ 75 लाख के पार चली गई है वहीं मरने वालों का आंकड़ा 8 लाख 79 हजार से अधिक हो गया है। यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर साइंसेज एंड इंजीनियरिंग ने अपने नवीनतम अपडेट में बताया कि बुधवार सुबह तक दुनिया भर के कुल 2 करोड़ 75 लाख 57 हजार 7 सौ 42 लोग संक्रमित हो चुके और इसके कारण मरने वालों का आंकड़ा 8 लाख 97 हजार 3 सौ 83 है। दुनिया भर में सबसे अधिक संक्रमित देशों में पहले नंबर पर अमेरिका है जहां अब तक 63 लाख 27 हजार 9 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं और 1 लाख 89 हजार 6 सौ 53 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद भारत का नाम आता है जो हाल में ही ब्राजील से संक्रमण के मामलों में अधिक हो गया। यहां अब तक कुल 43 लाख 70 हजार से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं।