अफगानिस्तान में तालिबान लड़ाकों के साथ भीषण संघर्ष तो कतर में समझौते की कोशिश
वार्ता में अफगान मूल के अमेरिकी राजनयिक जल्मे खलीलजाद अमेरिका का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं जबकि तालिबान की ओर से उसके कमांडर शामिल हैं।
काबुल, रायटर। कतर में जहां तालिबान और अमेरिका के प्रतिनिधि समझौते के करीब हैं, वहीं उत्तरी अफगानिस्तान में तालिबान लड़ाकों और सरकारी बलों के बीच संघर्ष तेज हो गया है। शनिवार को कुंदूज शहर में तालिबान के हमले के बाद भीषण संघर्ष हुआ था। संघर्ष में दर्जनों लोगों के मारे जाने की खबर है।
वार्ता में अफगान मूल के अमेरिकी राजनयिक जल्मे खलीलजाद अमेरिका का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं जबकि तालिबान की ओर से उसके कमांडर शामिल हैं। कतर में नौवें दौर की वार्ता की समाप्ति के बाद खलीलजाद ने कहा कि अब वह काबुल जाकर अफगानिस्तान सरकार से वार्ता के निष्कर्षो के बारे में बात करेंगे। अफगान सरकार इस वार्ता में शामिल नहीं है।
अफगानिस्तान में शांति के लिए मुहिम
उन्होंने उम्मीद जताई कि तालिबान के साथ समझौता होने पर अफगानिस्तान में शांति के हालात बनेंगे। अमेरिकी प्रतिनिधि का यह बयान तब आया है जब रविवार को तालिबान ने उत्तरी प्रांत बगलान के पुल-ए-खुमरी पर हमला कर दिया। इससे पहले शनिवार को कुंदूज में सैकड़ों तालिबान लड़ाकों ने भारी हथियारों के साथ हमला किया था।
सुरक्षा बलों के 20 जवानों की मौत
अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय ने बताया है कि कुंदूज में सुरक्षा बलों के 20 जवान और पांच नागरिक मारे गए हैं जबकि 85 नागरिक घायल हुए हैं। शनिवार को कुंदूज में 36 तालिबान लड़ाकों के मारे जाने की खबर आई थी। कुंदूज में हालात सरकार के नियंत्रण में हैं और वहां शांति है।
तालिबान और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष
पुल-ए-खुमरी शहर में गवर्नर कार्यालय और पुलिस मुख्यालय के निकट तालिबान और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष जारी है। सुरक्षा बलों की कार्रवाई में अभी तक पांच लड़ाके मारे गए हैं और दो तालिबान गिरफ्तार किए गए हैं। शहर के ज्यादातर इलाकों में सन्नाटा छाया हुआ है, बहुत छोटे इलाके में मामूली आवागमन हो रहा है। मध्य अफगानिस्तान के गजनी और काबुल के पूर्व में स्थित लगमान में भी तालिबान और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष जारी है।