पाकिस्तान को UAE की ओर से आर्थिक मदद, दौरे पर आए थे क्राउन प्रिंस
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान ने छोटे व मध्यम उद्योगों के लिए पाकिस्तान को 200 मिलियन डॉलर की सहायता की पेशकश की।
इस्लामाबाद, आइएएनएस। पाकिस्तान के अपने दौरे के दौरान अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान ने छोटे व मध्यम उद्योगों के लिए 200 मिलियन डॉलर की सहायता की पेशकश की। गुरुवार को इस्लामाबाद पहुंचने के बाद क्राउन प्रिंस ने प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ वार्ता की। इस दौरान तमाम अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की गई। वर्ष 2020 में शेख मोहम्मद बिन जायेद पाकिस्तान जाने वाले पहले विदेशी मेहमान हैं। विशेषकर कुआलांलपुर इस्लामिक समिट के बाद प्रिंस का यह पाकिस्तानी दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल भी 6 जनवरी को क्राउन प्रिंस पाकिस्तान गए थे और वहां की खराब अर्थव्यवस्था को देख दक्षिण एशियाई देश को तीन अरब डॉलर के मदद देने का प्रस्ताव दिया था।
इसके पहले इस्लामाबाद में यूएई के राजदूत द्वारा बयान जारी किया गया था। इसमें बताया गया था कि क्राउन प्रिंस पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान से मिलकर दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
बता दें कि कुआलालंपुर में इस्लामिक समिट में शामिल होने को लेकर ऐन मौके पर पाकिस्तान ने इंकार कर दिया था। इसके लिए पाकिस्तान ने आधिकारिक रूप से कहा था कि वह मुस्लिम देशों में किसी तरह का कोई मतभेद नहीं चाहता है। वास्तव में समिट से पाकिस्तान द्वारा बनाई गई दूरी का कारण सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की नाराजगी को माना गया। दरअसल, इन दोनों देशों ने भी समिट में हिस्सा लेने से इंकार कर दिया था। अहम तथ्य यह है कि पाकिस्तान की खराब आर्थिक हालात को सुधारने के लिए इन दोनों देशों की ओर से मदद का हाथ हमेशा बना रहता है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान सऊदी अरब गए और वहां से लौटने के बाद ऐलान किया कि वह कुआलालंपुर नहीं जा रहे हैं। कुआलालंपुर समिट के तुरंत बाद सऊदी के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान भी इस्लामाबाद गए थे।
यह भी पढ़ें: UAE के क्राउन प्रिंस की पाकिस्तान यात्रा, इमरान खान की उम्मीद बढ़ीं
यह भी पढ़ें: Happy New Year 2020 Celebration: भारत समेत पूरी दुनिया में नए साल का जोरदार स्वागत