अफगान--तलिबान के बीच दोहा में चल रही वार्ता रुकी, यूएस समझौते का पालन और धार्मिक मुद्दा बने रोड़ा
तालिबान के साथ बातचीत में दो मुख्य मुद्दे अमेरिकी समझौते का पालन और धार्मिक मुद्दा रोड़ा बने हुए हैं। इस वार्ता में दोनों ही पक्ष समस्या के हल के लिए कतर की मध्यस्थता के लिए तैयार हो गए हैं।
काबुल, एजेंसी। अफगान सरकार और तालिबान के बीच दोहा में चल रही वार्ता फिलहाल रुक गई है। अफगान सरकार के चारों वार्ताकार अफगानिस्तान लौट आए हैं। हालांकि ये बताया गया है कि वे व्यक्तिगत कारणों से लौटे हैं। माना जा रहा है कि कुछ बिंदुओं पर सहमति न बनने के कारण ऐसा हुआ।
दोहा में सरकार की तरफ से वार्ता करने वाले अफगानिस्तान वापस लौटे
ज्ञात हो कि अफगानिस्तान में शांति के लिए अमेरिका से समझौता होने के बाद चालीस दिन से दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है। दोहा में अपनी सरकार की तरफ से वार्ता करने वाले सादात मंसूर नादेरी, फवाजिया कूफी, मतीन बेग और कलीमुल्लाह नकवी दोहा से अफगानिस्तान वापस लौट आए हैं।
वार्ता में अमेरिकी समझौते का पालन और धार्मिक मुद्दा रोड़ा बने हुए हैं
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तालिबान के साथ बातचीत में दो मुख्य मुद्दे अमेरिकी समझौते का पालन और धार्मिक मुद्दा रोड़ा बने हुए हैं। इस वार्ता में दोनों ही पक्ष समस्या के हल के लिए कतर की मध्यस्थता के लिए तैयार हो गए हैं।