सऊदी अरब में महिला एक्टिविस्ट अल-हथलऊल को सुनाई गई पांच वर्ष की सजा
सऊदी अरब में महिलाओं के लिए ड्राइविंग के अधिकारों की वकालत करने वाली लूजेन अल-हथलऊल को पांच वर्ष छह महीने जेल की सजा सुनाई गई है। सजा सुनाए जाने से क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान और अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बाइडन के बीच संबंध बिगड़ सकते हैं।
दुबई, रायटर। सऊदी अरब में महिलाओं के लिए ड्राइविंग के अधिकारों की वकालत करने वाली लूजेन अल-हथलऊल को पांच वर्ष छह महीने जेल की सजा सुनाई गई है। 31 वर्षीय अल-हथलऊल को वर्ष 2018 में एक दर्जन दूसरी महिला अधिकार कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार किया गया था।
अल- हथलऊल को सजा सुनाए जाने से क्राउन प्रिंस और बाइडन के बीच संबंध बिगड़ सकते हैं
विशेषज्ञों का मानना है कि अल- हथलऊल को सजा सुनाए जाने से क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान और अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच संबंध बिगड़ सकते हैं।
महिला अधिकार कार्यकर्ता पर राजनीतिक व्यवस्था को बदलने का आरोप
स्थानीय मीडिया के मुताबिक महिला अधिकार कार्यकर्ता पर राजनीतिक व्यवस्था को बदलने और राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया था। चूंकि गिरफ्तार किए जाने के बाद से अल-हथलऊल जेल में हैं, इसलिए उनकी सजा के दो वर्ष 10 महीने को माफ कर दिया गया है।
अल- हथलऊल पर लगाए गए आरोप झूठे हैं: संयुक्त राष्ट्र, यूएस-ईयू ने की रिहा करने की मांग
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार विशेषज्ञों ने कहा है कि उन पर जो भी आरोप लगाए गए हैं वह पूरी तरह झूठे हैं। अमेरिका और यूरोप के मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और सांसदों ने उन्हें तत्काल रिहा करने की मांग की है।