सबसे ज्यादा व्यस्त है दुबई का एयरपोर्ट, पहले ब्रिटेन के पास था यह ताज
यात्रियों की आवाजाही के मामले में दुबई एक बार फिर दुनिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा रहा है।
दुबई (एएफपी)। यात्रियों की आमद और रवानगी के लिहाज से दुबई एक बार फिर दुनिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा रहा है। बीते 2017 में इस हवाई अड्डे के जरिये 8.82 करोड़ लोगों ने यात्रा की। यह बात यूनाइटेड अरब अमीरात की सरकारी न्यूज एजेंसी डब्ल्यूएएम ने कही है।
वर्ष 2016 में इसी हवाई अड्डे से 8.36 करोड़ लोगों ने यात्रा की थी। तब भी यह दुनिया का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट माना गया था। हवाई अड्डा प्रशासन के अनुसार बीते वर्ष में यात्रा करने वालों की यह संख्या तब रही जब अमेरिका ने यात्रा करने वालों के लिए लैपटॉप लाना प्रतिबंधित कर दिया था। इससे कई पेशेवर यात्रियों ने अमेरिका जाने के लिए विमान दुबई से न पकड़कर किसी अन्य एयरपोर्ट से पकड़ा।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने दुबई समेत कुछ शहरों में स्थित हवाई अड्डों से लैपटॉप और स्मार्ट फोन लेकर अमेरिका के लिए यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन बाद में दुबई को इस प्रतिबंध से छूट दे दी गई थी। इससे पहले दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डे का ताज ब्रिटेन के हीथ्रो हवाई अड्डे के पास था। लगातार कई वर्षो तक यह ओहदा 2014 तक हीथ्रो के पास रहा था।