भ्रष्टाचार के आरोप में क्राउन प्रिंस ने शाही परिवार के दो सदस्यों को हटाया
सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी में छपे बयान के तहत कार्रवाई के पीछे रक्षा मंत्रालय में संदिग्ध वित्तीय लेनदेन को वजह बताया गया है।
दुबई, एपी। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शाही परिवार के दो सदस्यों समेत कई अधिकारियों को पद से हटा दिया है। किंग सलमान के 35 वर्षीय पुत्र क्राउन प्रिंस ने पूर्व में भी इसी तरह की भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि इस मुहिम का असल मकसद सत्ता के रास्ते में खड़ी अड़चनों को हटाना है।
सैन्य बलों के कमांडर को किया बर्खास्त
एक शाही फैसले में कहा गया है कि क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने राजकुमार फहद बिन तुर्की बिन अब्दुलअजीज को बर्खास्त कर दिया है। फहद यमन में हूती विद्रोहियों से लड़ने वाले सऊदी अरब के अगुआई वाले सैन्य बलों के कमांडर थे। इतना ही नहीं फहद के बेटे प्रिंस अब्दुलअजीज बिन फहद बिन तुर्की को सऊदी अरब के अल जौफ क्षेत्र के डिप्टी गवर्नर पद से बर्खास्त कर दिया गया है।
रक्षा मंत्रालय में संदिग्ध वित्तीय लेनदेन को वजह की गई कार्रवार्इ
बयान में कहा गया है कि 84 वर्षीय सलमान के आदेश पर चार अन्य अधिकारियों के खिलाफ जांच की जा रही है। फिलहाल इन्हें हिरासत में लिए जाने की बात स्पष्ट नहीं है। सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी में छपे बयान के तहत कार्रवाई के पीछे रक्षा मंत्रालय में संदिग्ध वित्तीय लेनदेन को वजह बताया गया है।