Coronavirus in Iran: मौत का आंकड़ा 10 हजार के पार, दो लाख 15 हजार से ज्यादा मामले
ईरान में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 10 हजार से ज्यादा हो गई है। पिछले 24 घंटे में देश में 134 लोगों की मौत हुई। देश में अब तक 215096 मामले सामने आ गए हैं।
तेहरान, रायटर्स। ईरान में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 10 हजार से ज्यादा हो गई है। देश के स्वास्थ्य मंत्राल के हवाले से समाचार एजेंसी रायटर्स ने इसकी जानकारी दी है। बीते सप्ताह में दो महीने में पहली बार दैनिक मौत का आंकड़ा 100 से अधिक हो गया। कोरोना के कारण लागू प्रतिबंधों में ढील देने के बाद कोरोना के नए मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है। पिछले 24 घंटे में देश में 134 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही यहां मरने वालों की संख्या 10,130 हो गई। देश में अब तक 2,15,096 मामले सामने आ गए हैं और 1,75,103 संक्रमण से उबर गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों ने नियमित रूप से चेतावनी दी है कि प्रतिबंधों को फिर से लागू किया जाएगा, अगर संक्रमण में वृद्धि को रोकने के लिए शारीरिक दूरी के जैसे स्वास्थ्य नियमों का पालन नहीं किया जाता है। इसके बाद भी लोग नहीं मान रहे हैं और वे सार्वजनिक जगहों पर शारीरिक दूरी व अन्य नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ईरान के स्टेट टीवी ने गुरुवार को सार्वजनिक परिवहन और तेहरान की सड़कों पर कई लोगों के साक्षात्कार प्रसारित किए, जिन्होंने मास्क या दस्ताने नहीं पहने थे। मास्क नहीं पहने हुए अधिकतर लोगों ने कहा कि उन्हें लगता है कि संक्रमण का खतरे को बढ़ा-चढ़ाकर बताया जा रहा है और वे बीमार नहीं पड़ेंगे।
मिडिल ईस्ट में ईरान सबसे ज्यादा प्रभावित
|संक्रमण की संख्या में वृद्धि को देखते हुए शनिवार को, राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा कि सरकार सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य बनाने पर विचार कर रही है। महामारी से मिडिल ईस्ट में किसी भी अन्य देश की तुलना में ईरान सबसे ज्यादा प्रभावित रहा है। बता दें कि दुनियाभर में कोरोना वायरस के 94 लाख से ज्यादा मामलों की अब तक पुष्टि हो गई है, वहीं इस वायरस के चपेट में आकर अब तक 4 लाख 82 हजार लोगों की मौत हो गई है। अमेरिका दुनियाभर में सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है।