अफगानिस्तान में मारे गए 18 तालिबानी आतंकी
अफगानिस्तान और तालिबानियों के बीच हमले का सिलसिला जारी है। इस क्रम में आज अफगानी हमले में 18 तालिबानियों की मौत हो गई है।
काबुल, आइएएनएस। अफगानिस्तान के सैनिकों ने शनिवार को देश के ताखर (Takhar) प्रांत में 18 तालिबानियों को मार गिराया। इस कार्रवाई में सैन्य विमानों की ओर से भी सहायता दी गई। इस बात की जानकारी अफगान के रक्षा मंत्रालय ने दी है।
पिछले दो दिनों से संकटग्रस्त दरकाद (Darqad) जिले में यह कार्रवाई जारी थी। इसके परिणामस्वरूप करीब 18 तालिबानी आतंकी मारे गए और 11 घायल हो गए। यह जानकारी शिन्हुआ की ओर से दी गई। सरकारी बलों ने नॉरखिल गांव (Norkhil village) में आतंकियों के तीन ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। फिलहाल तालिबान की ओर से किसी तरह का बयान नहीं जारी किया गया है।
इससे पहले 28 दिसंबर को दक्षिण हेलमंद प्रांत में एक सैन्य अड्डे पर तालिबान के हमले में दस अफगान सैनिक मारे गए थे। उस वक्त एक आधिकारिक सूत्र की ओर से जानकारी दी गई थी कि अशांत सांगिन जिले में तालिबान ने सैन्य अड्डे तक एक सुरंग खोद कर इसे विस्फोट से उड़ा दिया। सूत्र के अनुसार, हमले के वक्त वहां 18 सैनिक मौजूद थे। इनमें से 10 मारे गए, चार जख्मी हो गए और शेष चार ने हमलावरों को खदेड़ दिया। इस हमले की जिम्मेवारी तालिबान ने लिया था। उल्लेखनीय है कि इससे चार दिन पहले 24 दिसंबर को उत्तरी प्रांत बल्ख में एक सैन्य अड्डे पर तालिबानी हमले में सात अफगान सैनिकों की मौत हो गई थी।
बता दें कि कुछ दिनों पहले ही तालिबान ने अफगानिस्तान में किसी भी तरह के संघर्ष विराम पर सहमत होने की खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट तौर पर इंकार कर दिया था। उसने अपने बयान में कहा था कि इस तरह के समझौते की खबर अफवाह मात्र है। दरअसल, वर्ष 2019 के शुरुआत में ही विद्रोहियों के हमलों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वार्ता को रद कर दिया था। अमेरिका और अफगान तालिबान के साथ संघर्ष विराम का लंबे समय तक आह्वान किया था।
यह भी पढ़े: अफगानिस्तान में तालिबान के हमलों में सुरक्षा बल के 26 जवानों की मौत, 10 आतंकी भी ढेर