2015 से अब तक 12 लाख सीरियाई नागरिकों की हुई वापसी: रूस
आंतरिक रूप से विस्थापित 12 लाख सीरियाई पिछले तीन सालों में अपने घर वापस लौट चुके हैं।
मॉस्को (आईएएनएस)| रूस के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि मॉस्को के आतंकवाद रोधी अभियान शुरू होने के बाद 2015 से अब तक लगभग 12 लाख सीरियाई शरणार्थी घर लौट चुके हैं। रूसी मंत्रालय से संबद्ध क्रासनाया वेजडा समाचार पत्र के मुताबिक, आंतरिक रूप से विस्थापित 11.86 लाख सीरियाई शरणार्थी शिविरों से अपने घर लौट चुके हैं।
वहीं संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार सीरिया में सात-वर्षो के युद्ध के दौरान सात हज़ार से ज्यादा बच्चे मारे गए, जबकि अपुष्ट रिपोर्ट के मुताबिक मारे गए बच्चों की संख्या 20 हज़ार से ज्यादा है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने 20 जुलाई को कहा था कि 2011 में नागरिक युद्ध शुरू होने के बाद से 69 लाख सीरियाई लोग अपना देश छोड़ चुके थे। इनमें से अधिकतर अब 45 देशों में डेरा डाले हुए हैं।
बता दें कि संयुक्त राष्ट्र ने इस बात पर जोर दिया है कि किसी भी देश से सीरियाई शरणार्थियों की वापसी स्वैच्छिक होनी चाहिए। रूस ने इस सीरियाई शरणार्थियों की वतनवापसी पर अमेरिका के साथ सहयोग का एक खाका पेश किया। संयुक्त राष्ट्र प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने पत्रकारों से कहा कि वह इस बात से अवगत नहीं थे कि हम इस वार्ता में प्रत्यक्ष तौर पर शामिल हैं।
उन्होंने जोर देते हुए कहा, ‘जहां तक सिद्धांतों की बात है, लोगों की उनके वतन वापसी हमेशा स्वैच्छिक होनी चाहिए। दुजारिक ने कहा कि यह पूरी तरह उन लोगों का निर्णय होना चाहिए और किसी को वापसी के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।