Coronavirus: डायमंड प्रिंसेज क्रूज पर सवार तीसरे यात्री की मौत
जापान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार डायमंड प्रिंसेज पर सवार तीसरे यात्री की मौत हो गई। मौत का कारण न्यूमोनिया था।
टोक्यो, एजेंसी। जापान के स्वास्थ्य मंत्रालय (Japan Health Ministry) के अनुसार डायमंड प्रिंसेज (Diamond Princess) पर सवार तीसरे यात्री की मौत हो गई। मौत का कारण न्यूमोनिया (Pneumonia) था। एनएचके वर्ल्ड जापान के अनुसार, मंत्रालय की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि 80 आस-पास की उम्र वाले पीड़ित शख्स कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमित था या नहीं। क्रूज जहाज से हटाकर उसका इलाज अस्पताल में कराया गया।
क्रूज जहाज (Cruise Ship) से हटाकर उसका इलाज अस्पताल में कराया गया। वह जापान (Japan) का रहने वाला था। इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी गई कि पीड़ित की कोई जांच भी हुई या नहीं। बता दें कि इस क्रूज को वायरस के डर से अलग ही रखा गया था फिर भी संक्रमण इस कदर बढ़ रहा है। क्रू मेंबर्स समेत 634 यात्री कोरोना वायरस के लिए टेस्ट में पॉजीटिव पाए गए। पिछले गुरुवार को दो अन्य यात्री की मौत हो गई थी। दोनों की ही उम्र 80 से अधिक थी।
इसमें सवार कुल 3700 लोगों में से 2,666 गेस्ट थे और 1045 यात्री चालक दल के सदस्य थे। इनमें से 132 चालक दल के सदस्य और 6 यात्री भारतीय नागरिक थे। इन भारतीयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाकर बचाने की अपील की थी। बता दें कि यह जहाज फरवरी के शुरुआत से ही तट पर खड़ा था और राहत के लिए इंतजार में था। शुरुआत में हुए जांच की रिपोर्ट के अनुसार, जिन यात्रियों को निगेटिव पाया गया उन्हें उनके देश वापस भेज दिया गया था। इसके अलावा जिन यात्रियों के सैंपल संदिग्ध थे उन्हें क्रूज से जाने की इजाजत नहीं दी गई। जो यात्री गंभीर तौर पर बीमार थे उन्हें अस्पतालों या मेडिकल सुविधाओं की निगरानी में भेज दिया गया है।यह जहाज चीन के बाहर का कोरोना वायरस से संक्रमित सबसे बड़ा केंद्र था जो अब दक्षिण कोरिया हो गया है।