जापान के आम चुनाव में शिंजो एबी को भारी जीत के आसार
हालिया सर्वेक्षणों का दावा है कि जापान में होने वाले मध्यावधि चुनाव में प्रधानमंत्री शिंजो एबी भारी बहुमत के साथ सत्ता में बने रह सकते हैं।
टोक्यो (एएफपी)। जापान में इसी महीने की 22 तारीख को होने वाले मध्यावधि चुनाव में प्रधानमंत्री शिंजो एबी को भारी जीत मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालिया सर्वेक्षणों का दावा है कि वह भारी बहुमत के साथ सत्ता में बने रह सकते हैं। वहीं टोक्यो की लोकप्रिय गवर्नर यूरिको कोइक की नई पार्टी की हार का अनुमान लगाया जा रहा है।
उत्तर कोरिया के साथ बढ़े तनाव के बीच प्रधानमंत्री एबी ने पिछले महीने देश में मध्यावधि चुनाव कराने का एलान किया था। उन्हें उम्मीद है कि कमजोर विपक्ष और उत्तर कोरिया पर कड़े रुख के कारण वह सत्ता में बने रहेंगे। जापान के प्रमुख अखबार मैनिची शिम्बुन की ओर से कराए गए सर्वे के अनुसार, एबी की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) को संसद की 465 सीटों में से 303 सीटें मिल सकती हैं।
जबकि उनके गठबंधन की सहयोगी पार्टी कोमिटो को 30 से ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान है। इससे प्रभावशाली निचले सदन में एबी की सत्तारूढ़ पार्टी आसानी से बहुमत हासिल कर सकती है। सर्वे में टोक्यो की गवर्नर कोइक की नवगठित पार्टी ऑफ होप को कम समर्थन मिला है। उनकी पार्टी महज 54 सीटों पर ही सिमट सकती है। यह ताजा सर्वे 73 हजार से अधिक मतदाताओं पर शुक्रवार से रविवार तक किया गया।
यह भी पढ़ें : पोप फ्रांसिस ने 35 लोगों को दी संत की उपाधि, तीन बच्चे भी शामिल