जापान के एनिमेशन स्टूडियो में लगी आग; 33 की मौत, 36 झुलसकर हुए घायल
जापान के जाने-माने एनीमेशन स्टूडियो में आगजनी करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
टोक्यो, एएफपी। जापान के क्योटो शहर में आग लगाए जाने की घटना में 33 लोगों के जलकर मरने और 36 के झुलसकर घायल होने की खबर है। घायलों में दस की हालत गंभीर है। देश की सबसे सनसनीखेज वारदातों में शुमार यह घटना गुरुवार को एक एनीमेशन प्रोडक्शन कंपनी के स्टूडियो में हुई।
सुलगने के कुछ ही देर बाद आग ने पूरी इमारत को अपनी गिरफ्त में ले लिया और थोड़ी देर में ही वहां मौजूद सब कुछ धूं-धूं कर जल उठा। लोगों को बचाने के लिए चंद मिनटों में ही अभियान छेड़ा गया लेकिन वह नाकाफी साबित हुआ।
आग पर काबू पाने के बाद अग्निशमन विभाग ने इमारत में तलाश का काम शुरू कर दिया है। जो हालात हैं उनमें मृतक संख्या बढ़ने की आशंका है। इमारत के कई हिस्सों में फंसे लोग निकल नहीं पाए, वे वहीं पर जल मरे या बुरी तरह से झुलस गए। सर्वाधिक 20 लोगों की लाशें तीसरी मंजिल पर मिली हैं।
स्थानीय मीडिया के अनुसार घटना के समय इस तीन मंजिला इमारत में करीब 100 लोग थे। आगजनी के समय मौके पर एकत्रित लोगों ने फंसे लोगों की चीखें सुनीं और इमारत की खिड़कियों और रोशनदानों से सफेद धुंआ निकलते देखा। बताया गया है कि आगजनी की घटना कार्यालय खुलने के सामान्य समय के कुछ ही देर बाद हो गई।
नजदीक रहने वालों के अनुसार आगजनी से पहले क्योटो एनीमेशन कंपनी के स्टूडियो में जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई और उसके बाद वहां से काफी मात्रा में धुंआ निकला। इसीलिए घटना के पीछे हमले की आशंका जताई जा रही है।
क्योटो पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति के तरल पदार्थ फेंककर उसमें आग लगाने की जानकारी मिली है। वह व्यक्ति खुद भी बुरी तरह जल गया है। पुलिस हिरासत में वह अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उसकी हालत में सुधार आने पर पुलिस आगजनी के उद्देश्य के बारे में उससे पूछताछ करेगी।
गौरतलब है कि आगजनी का शिकार हुआ स्टूडियो कई लोकप्रिय एनिमेशन टेलीविजन सीरियलों के निर्माण के लिए जाना जाता था। इनमें द मेलानचोली ऑफ हारुही सुजुमिया और के-ऑन प्रमुख हैं।