कार्यस्थल पर रखे पौधे भी कम कर सकते हैं तनाव, इंडोर प्लान बनाए रखते हैं मानसिक शांति और ताजगी
शोधकर्ताओं ने अपने प्रयोग के लिए कार्यस्थल पर पौधे लगाने के पहले और उसके बाद कर्मचारियों की मानसिक और शारीरिक तनाव की पड़ताल की।
टोक्यो, प्रेट्र। नौकरी-पेशे वाले लोगों में अक्सर काम के तनाव को लेकर चर्चा होती रहती है। इसे लेकर कई शोध-अध्ययन भी हो चुके हैं। अब हालिया अध्ययन में दावा किया गया है कि हरे-भरे पर्यावरण वाले माहौल से दूर रहने वाले कर्मचारी अगर अपने डेस्क पर पौधे रखते हैं, तो उनका तनाव काफी हद तक कम हो सकता है।
जापान की ह्योगो यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने दफ्तर के कर्मचारियों में मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए 'इंडोर प्लांट' का व्यवहारिक प्रयोग किया। उन्होंने अध्ययन में पाया कि आधुनिक समय में कार्यस्थल पर तनाव कम करना बहुत बड़ा मुद्दा है। यह आमतौर पर माना जाता है कि पौधे उन लोगों के लिए आरामदेह होते हैं, जो नियमित तौर पर तनावपूर्ण परिस्थतियों का सामना करते हैं।
दफ्तर के कर्मचारियों पर किया प्रयोग
हॉर्टटेक्नोलॉजी जर्नल में प्रकाशित अध्ययन में इंडोर पौधों के मानसिक और शारीरिक प्रभाव की पुष्टि की गई है। शोधकर्ताओं ने यह पता लगाने के लिए प्रयोगशाला की जगह वास्तविक दफ्तर में कर्मचारियों पर प्रयोग किया। ह्योगो यूनिवर्सिटी के मासाहिरो टोयोडा ने बताया, 'अभी ज्यादातर लोग कार्यस्थल पर पौधों द्वारा तनाव कम करने के फायदों को पूरी तरह नहीं समझते हैं, लेकिन अध्ययन में हमें इसके कई फायदे पाए हैं।'
ऐसे किया अध्ययन
शोधकर्ताओं ने अपने प्रयोग के लिए कार्यस्थल पर पौधे लगाने के पहले और उसके बाद कर्मचारियों की मानसिक और शारीरिक तनाव की पड़ताल की। इस अध्ययन में 63 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। थकान वाले प्रतिभागियों को अपने डेस्क पर तीन मिनट के लिए आराम करने के लिए कहा गया। इस अध्ययन को दो चरणों में पूरा किया गया। पहले में डेस्क पर बिना पौधों को रखे उन्हें आराम करने के लिए कहा गया, जबकि दूसरे चरण में डेस्क पर पौधों को रखने के बाद ऐसा करने के लिए कहा गया, जहां कर्मचारी छोटे पौधे पर देख सकते थे।
सामान्य हो जाती है धड़कनों की गति
इस अध्ययन के बाद शोधकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि जब कर्मचारियों की डेस्क पर पौधे रखे गए और तीन मिनट के आराम के बाद देखा गया, तो उनकी धड़कन की गति उल्लेखनीय ढंग से सामान्य हो आई थी। इस अध्ययन का मकसद दफ्तर में पौधों को देखकर कर्मचारियों में उनके तनाव के कम होने की पुष्टि करना था। इस दौरान जिन पौधों का प्रयोग किया गया, उन्हें खुद कर्मचारियों ने चुना और उनकी देखभाल भी की। इसमें पाया गया कि कार्यस्थल पर पौधों की मौजूदगी और उनके साथ कर्मचारियों का सक्रिय जुड़ाव का तनाव और थकान को कम करने में अहम भूमिका होती है।